पीलीभीत चेयरमैन करेंगी मुख्यमंत्री से मुलाकात, धार्मिक स्थलों के उद्धार को कर दीजिए बजट पास..जानिए कौन से हैं धार्मिक स्थल !
पीलीभीत, अमृत विचार। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वन विभाग के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने आ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर तमाम तैयारियों के बीच जनपदवासी ही नहीं दूर दराज के लोगों की आस्था का केंद्र प्राचीन गौरी शंकर मंदिर और ब्रह्मचारी घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर उनके समक्ष मामला रखा जाएगा।
शहर वासियों की मांग को देखते हुए नगर पालिका की ओर से प्लान तैयार किया गया है। जिसे सीएम की हरी झंडी पाने को चेयरमैन की तरफ से लिखित तौर पर पेश किया जाएगा। फिर जल्द इस पर जल्द काम शुरू कराकर तस्वीर को बदला जाएगा।
शहर के प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, ब्रह्मचारी घाट मार्ग के दिन आखिर कब बहुरेंगे? यह सवाल आस्था से जुड़े इन दोनों केंद्रों की कठिन राह को देख शहरवासी ही नहीं आसपास के जनपदों से पहुंचने वाले हर श्रद्धालुओं के मन में उठता है। वैसे तो कई बार इसके सौंदर्यीकरण को लेकर दावे कर दिए गए। मगर अफसर और जनप्रतिनिधि दोनों ही भूल गए। नतीजतन न तो आज तक बेहतर मार्ग मिल सका न ही रोशनी के पर्याप्त इंतजाम।
जबकि सावन माह में इन मंदिरों पर हजारों लाखों की भीड़ उमड़ती है। अब इसे काशी विश्वनाथ की तर्ज पर बेहतर बनाने की ठानी गई है। इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने एक प्लान तैयार किया है। जिसके तहत आयुर्वेदिक कालेज चौराहा से लेकर गौरी शंकर मंदिर, ब्रह्मचारी घाट को जाने वाले मार्ग पर काम कराया जाएगा। यह मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे सड़क की मरम्मत, दोनों तरफ की नालियों का सुधार कराते हुए रोशनी के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। सौंदर्यीकरण के तहत अन्य काम भी तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री को भी इस प्लानिंग से अवगत कराते हुए काम को जल्द शुरू कराने के प्रयास हैं। चेयरमैन की ओर से इस प्रोजेक्ट को उनके समक्ष रखा जाएगा।
कई अन्य मंदिरों का भी रखा जाएगा मुद्दा
इन दो धार्मिक स्थलों के अलावा मोहल्ला जोशीटोला, काला मंदिर के साथ ही बेनी चौधरी के बाल्मिकी मंदिर को भी प्रोजेक्ट में शामिल किया जा रहा है । इसके अलावा शहर के समस्त मंदिरों को चिन्हित कराया जाएगा। इसके बाद जीर्ण शीर्ण हालत वाले मंदिरों का भी सौंदर्यीकरण होगा।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: सीएम योगी खोलेंगे विकास का पिटारा, एक दिन पहले अधिकारियों ने डेरा डाला..दिन भर चली तैयारियां
