ज्योतिषाचार्य के घर चोरी: पैसा है तो फाइव स्टार सारी मुलाकातें... गाने पर नोटों की गड्डियां बिछाकर बनाई रील, ऐसे हुए गिरफ्तार
कानपुर में ज्योतिषाचार्य के घर चोरी की वारदात का खुलासा।
कानपुर में ज्योतिषाचार्य के घर चोरी की वारदात का खुलासा कर पुलिस ने दो नाबालिग चोरों को गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों ने चोरी के पैसे से अयोध्या के एक होटल में नोटों की गड्डियां बिछाकर रील बनाई।
कानपुर, अमृत विचार। गोविंद नगर थानाक्षेत्र में ज्योतिषाचार्य के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घर से चुराई गईं नोटों की गड्डियों को अयोध्या के होटल के कमरे में बिस्तर पर बिछाकर चोरों ने रील बनाई। पुलिस ने इंस्टाग्राम की मदद से दो शातिर नाबालिग चोरों को गिरफ्तार किया है।
गोविंद नगर निवासी ज्योतिषाचार्य तरुण शर्मा के घर दो अक्तूबर को चोरी हुई थी। उन्होंने बताया घर से दो लाख रुपये कैश, दो मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान चोरी हुई था। घर में लगे सीसीटीवी में बर्रा निवासी दो नाबालिग कैद हुए थे। दोनों नाबालिग उनके घर में ही ज्योतिष सीखने आते थे। संदेह होने के बाद दोनों की पड़ताल की तो घर से भी नदारद मिले।
पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी, इसी दौरान पता चला कि शातिर नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नोटों की गड्डी के साथ होटल के किसी कमरे से फोटो अपलोड की है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से छापेमारी करके गुरुवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पास से चोरी के 1.50 लाख रुपये, दो मोबाइल समेत अन्य माल बरामद हो गया। गोविंद नगर इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि इंस्टाग्राम के वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया है। दोनों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद गुरुवार को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
