बरेली: गैनी में विवादित जमीन पर 30 दुकानें, सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने एसडीएम आंवला पर लगाए आरोप
सांसद धर्मेंद्र कश्यप(फाइल फोटो)
बरेली, अमृत विचार। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की समीक्षा बैठक में राजस्व और जमीनों के विवादों में अफसरों के कार्रवाई नहीं करने के मामले भी उठे। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने प्रभारी मंत्री से कहा कि उनकी लोकसभा के गैनी क्षेत्र में एक विवादित जमीन पर 30 दुकानें बनी हैं। उसका विवाद कई महीनों से चल रहा है।
सांसद ने आरोप लगाया कि एसडीएम आंवला विवाद को सुलझाने के लिए गए थे लेकिन विवाद बढ़ाकर आ गए। उन्होंने एसडीएम की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। डीएम ने तुरंत कहा कि विवादित जमीन का मामला
दिखवाने के साथ एसडीएम की भूमिका की भी जांच कराएंगे। अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तहसीलों में जमीनों विवादों में लेखपाल जांच करने नहीं जाते हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजस्व अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही देवरिया कांड हुआ था। जहां देखो, वहां तहसीलों में लेखपालों की संपत्ति चार गुना बढ़ रही है। प्रभारी मंत्री ने जमीनी विवाद को निर्धारित समय में सुलझाने के निर्देश दिए।
दुष्कर्म, छेड़छाड़ और एससी-एसटी के आरोपों में पहले जांच कराएं फिर रिपोर्ट
प्रभारी मंत्री ने एसएसपी को निर्देश दिए कि दुष्कर्म, छेड़छाड़ और एससी-एसटी के आरोपों वाली शिकायतों की पहले जांच कराएं। जांच के आधार पर ही एफआईआर कराएं। प्रभारी मंत्री ने यह भी कहा कि जरूरी नहीं कि किसी केस में चार से पांच लोग नामजद हैं तो वे सभी गुनहगार हैं। जांच में जिनका दोष निकले, उसी के विरुद्ध कार्रवाई करें। एसएसपी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया।
मॉडल शॉप की प्रशंसा मुख्यमंत्री भी करते हैं, रामगंगा आवासीय योजना भी देखी
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने भरतौल की अन्नपूर्णा मॉडल शॉप की उचित दर की दुकान एवं जन सुविधा केन्द्र, स्मार्ट मॉडल ग्राम पंचायत भरतौल का निरीक्षण किया। कहा कि जनपद में जो अन्नपूर्णा मॉडल शॉप बनायी गयी है, इसकी प्रशंसा मुख्यमंत्री भी करते हैं।
मॉडल शॉप के निर्माण में सीडीओ का अत्यधिक योगदान रहा है। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन अलखनाथ द्वार और रामगंगा आवासीय योजना का भी निरीक्षण किया और विकसित टाउनशिप की प्रशंसा की।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये कि निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें। निरीक्षण के समय महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, सीडीओ जग प्रवेश, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: OLX पर सेवानिवृत्त शिक्षक से ठगी, सैन्य कर्मी बनकर 1 लाख रुपए ऐंठे
