रुद्रपुर: फिल्मी अंदाज में कई बार सौदागरों को बड़ी खेप खरीदने का दिया था ऑफर
मनोज आर्या, रुद्रपुर, अमृत विचार। तीन किलो अफीम के सौदागरों की गिरफ्तारी से पहले गदरपुर पुलिस को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा और फिल्मी अंदाज में कई बार सौदागरों को बड़ी खेप खरीदने का ऑफर भी दिया। मगर आरोपी इतने शातिर थे कि पुलिस के बिछाए जाल में फंसने का मंसूबा समझ गए। यही कारण है कि पिछले दस माह बाद आखिरकार अफीम सौदागरों ने गलती की। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
खुलासे के दौरान थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि जनवरी 2023 से इनपुट मिल रहा था कि गुरबाज और सरबजीत अफीम की बड़ी खेप लेकर अक्सर आते हैं और इलाके में अफीम की सप्लाई करते हैं, लेकिन पुलिस को यह इनपुट नहीं था कि आरोपी कब, कहां और कैसे अफीम की सप्लाई करते हैं। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास अपना खास मुखबिर भेजा। जिसने आरोपियों को अफीम की बड़ी खेप खरीदने तक का ऑफर दिया।
मगर आरोपी इतने शातिर थे कि ऑफर को ठुकरा दिया। इसके बाद गदरपुर पुलिस लगातार आरोपियों के मोबाइल और लग्जरी कार की गतिविधि पर नजर रखने लगी। दस माह बाद शुक्रवार की शाम को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि दोनों आरोपी भारी मात्रा में अफीम लेकर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर दबोच लिया। जब आरोपियों से पूछताछ की तो बताया कि अफीम पंजाब और बरेली से सप्लाई होती है। जिसके बाद पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। इसके बाद से गदरपुर पुलिस ने नेटवर्क ध्वस्त करने की दिशा में काम शुरू कर दिया।
