रुद्रपुर: तीन किलो अफीम के साथ दो सौदागर गिरफ्तार, लग्जरी कार से करते थे सप्लाई
रुद्रपुर, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गदरपुर पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम के साथ दो सौदागरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अफीम सप्लाई में प्रयुक्त लग्जरी कार को भी सीज कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी इतने शातिर थे कि सप्लाई के दौरान लग्जरी कार देखकर किसी को संदेह भी नहीं होता था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस का मुकदमा पंजीकृत आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
शनिवार को अफीम कांड का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी काशीपुर अभय प्रताप सिंह और सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि गदरपुर पुलिस को खबर मिली कि एक लग्जरी कार में भारी मात्रा में अफीम की सप्लाई होने वाली है।
सूचना मिलते ही सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी और थानाध्यक्ष गदरपुर राजेश पांडेय के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार की शाम को नवाबगंज मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सामने से लग्जरी एक्सयूवी संख्या यूके-06 बीएफ-1900 को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार भागने की कोशिश करने लगे। जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार सवारों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरबाज सिंह निवासी रतनपुरी गदरपुर और सरबजीत सिंह उर्फ हनी निवासी सूरजपुर गदरपुर बताया। जब पुलिस ने कार की डिग्गी की तलाश ली तो उनमें से तीन किलो अफीम के अलावा एक धारदार फरसा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बाहरी प्रदेशों से अफीम एकत्रित कर जिले में सप्लाई करते हैं।
बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 लाख रुपये कीमत आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस का मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं एसएसपी ने 2500 और डीआईजी ने 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
