बरेली: पांच वर्षों में नहीं बन पाईं टूटी सड़कें, गंदगी से नालियां जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। परतापुर चौधरी वार्ड 34 में समस्याओं का अंबार है। सड़कें टूटी तो नालियां चोक हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। नाली के ऊपर बनी पुलिया टूटी हुई है। इसके चलते कई लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं। अक्सर वाहन भी फंसते हैं। पिछले पांच वर्षों में 70 काम कराए गए, मगर जनता की दुश्वारियां कम नहीं हुईं।

वार्ड में 10 साल से सपा के पार्षद जनता के प्रतिनिधि बनते आ रहे थे। इस बार बसपा समर्थित प्रत्याशी को लोगों ने पार्षद चुना है। वार्ड में रामनगर, भीमनगर, महलऊ और परतापुर आते हैं। नैनीताल रोड पर इज्जतनगर डाकखाने के समीप से वार्ड में जाने का रास्ता है। यह मार्ग रेलवे का है। मार्ग के दोनों ओर झाड़ियां हैं। कोई स्ट्रीट लाइट नहीं होने से यहां अंधेरा रहता है। स्थानीय लोग इस समस्या से निजात दिलाने की मांग उठा चुके हैं, मगर क्षेत्र रेलवे का है। यह काम रेलवे को कराना है।

चौराहे के पास परतापुर वार्ड का मुख्य मार्ग है। यह मार्ग डामरयुक्त है। सड़क के बगल में ही नाला जा रहा है जो गंदगी से चोक है। कादरी मस्जिद को जाने वाला मार्ग खराब है। लोग इस मार्ग के बनने की राह पिछले आठ साल से देख रहे हैं। स्थानीय नागरिक बताते हैं कि जब यह मार्ग बना था, उसके एक साल बाद ही इसमें गड्ढे होने लगे थे। परतापुर में सड़क के बीच में नालियों पर बनी पुलिया टूट चुकी हैं। इसमें फंसकर लोग चोटिल हो रहे हैं। पूर्व पार्षद उबैस खां बताते हैं कि वार्ड में विकास कार्य कराए गए हैं। सड़कें बनी हैं। सफाई होती है। स्ट्रीट लाइट भी जलती है।


परतापुर की मुख्य सड़क टूटी है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, मगर इसे बनवाने के लिए जिम्मेदार आगे नहीं आ रहे हैं।- सरोज

कादरी मस्जिद रोड कई साल से खराब है। स्ट्रीट लाइट नहीं जलती है। पानी की लाइन पड़ी है, लेकिन एक साल से लाइन बंद है। इससे पानी भी नहीं आता है।
- रामपाल

वार्ड का मुख्य मार्ग वर्षों से टूटा है। कब बनेगा, इसकी राह देख रहे हैं। नाला कभी साफ नहीं हुआ है।- मो इलियास

सफाई कर्मचारी आते नहीं हैं। घरों से निकला कूड़ा भी लोग नाले में डालते हैं। इससे वह जाम है। सड़कें टूटी है। कब बनेगी पता नहीं।- दीपक

भीम नगर में बिजली के तार लटक रहे हैं। नालियां चोक हैं। सफाई होती नहीं है। सड़कें खराब हैं। इससे आने जाने में लोगों को असुविधा होती है।- प्रमोद

रेलवे मैदान के पीछे पुलिया टूटी है। कार निकालने वाले लोग हर रोज फंसते हैं और उनके वाहन भी टूटते हैं। अब लोगों ने इधर से आना बंद कर दिया है।- मुस्तकीम

सफाई कर्मचारियों के न आने से क्षेत्र में गंदगी रहती है। नाला जाम पड़ा है। स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। रामनगर-भीमनगर का मार्ग भी ठीक नहीं है।-
सुमित

रेलवे ग्राउंड के पीछे पुलिया टूटने से वाहन इधर नहीं आते हैं। इस वजह से काफी दूर से पैदल आना पड़ता है। नए पार्षद से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।

इलियास की दुकान के पास टूटी सड़क और पुलिया परेशानी का बड़ा कारण है। यह समस्या से लोग जूझ रहे हैं। वार्ड में सफाई नहीं हो रही है।- अनवर ।

विकास के मामले में वार्ड पांच साल पीछे है। मुख्य मार्ग पर ही ध्यान नहीं दिया गया है। मदीना मस्जिद, रजा चौक के निर्माण को प्रयासरत हैं। सफाई की हालत भी वार्ड में ठीक नहीं है।-कामिल हुसैन, पार्षद

ये भी पढे़ं- बरेली: चौकी के पास तीन युवकों ने ई-रिक्शा चालक को धुना, भीड़ ने एक को पड़ककर जमकर पीटा

 

संबंधित समाचार