रामपुर: रजा लाइब्रेरी महोत्सव में डॉ. कुमार विश्वास ने बांधा समां...कहा- कत्ल उर्दू का भी होता है और इस निस्बत से लोग...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। रजा लाइब्रेरी के 250 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार की शाम लाइट एंड साउंड और डॉ. कुमार विश्वास की बतकही ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। इससे पहले डा. कुमार विश्वास ने रजा लाइब्रेरी में पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन कर पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर लाइट एंड साउंड के माध्यम से देश पर जान न्यौछावर करने वालों और नवाब रजा अली खां की ताजपोशी उनकी शादी और रजा लाइब्रेरी को भारत सरकार को सौंपने से रूबरू कराया गया।

किला मैदान में रजा लाइब्रेरी के 250 साला जश्न के मौके पर राज्यमंत्री बलदेव औलख, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, विधायक आकाश सक्सेना, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने दीप प्रज्जवलित किया। इसके बाद लकी अली ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। काफी इंतजार के बाद मंच पर डा. कुमार विश्वास, डा. हिमांशु वाजपेयी पहुंचे और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। 

निर्धारित समय से करीब एक घंटा विलंब से शुरू हुए बतकही कार्यक्रम में करीब 9 बजे डा. कुमार विश्वास ने डा. हिमांशु वाजपेयी के सवालों के जवाब दिए। डा. हिमांशु वाजपेयी ने कहा कि लाइब्रेरी में पहली बार आए हैं और 250 वर्ष का जश्न है। जवाब में डा. कुमार विश्वास ने कहा कि भारत में पुस्तकालयों की परंपरा विश्व की प्राचीनतम परंपराओं में से है। कहा कि तक्षशिला में जब आग लगाई तो सात दिन तक उसमें धुआं उठता रहा। 250 वर्ष पूर्व रामपुर के राजवंश ने कोशिश की और लाइब्रेरी स्थापित की। 

उन्होंने शेर सुनाया- कत्ल उर्दू का भी होता है और इस निस्बत से, लोग उर्दू को मुसलमान समझ लेते हैं। कहा कि हिन्दी और उर्दू को एक साथ बैठना होगा तभी इस मुल्क की राह निकलेगी। इस मौके पर कजरी जी की पुस्तक का विमोचन और डाक विभाग की ओर से एक टिकट जारी किया गया। 

कार्यक्रम में पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, बेगम शाह बानो, पालिकाध्यक्ष सना खानम, पैक्स फेड के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, भारत भूषण गुप्ता, अली यूसुफ अली, शैलेंद्र शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, डा. संसार सिंह, एसडीएम जगमोहन गुप्ता, अरुण सक्सेना, तारिक अजहर, सनम अली खां, डा. अबुसाद इस्लाही, हिमांशु सिंह समेत काफी तादाद में लोग मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- रामपुर: ढकिया में छत से गिरकर नौ वर्षीय बालिका की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार