World Cup 2023: इकाना स्टेडियम से लेकर कमता तक 3100 पुलिसकर्मी रखेंगे चप्पे-चप्पे पर नजर
लखनऊ, अमृत विचार। गुरुवार को इकाना स्टेडियम में क्रिकेट वर्ल्डकप के मैच की सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान 2500 पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी के 600 जवान कानपुर रोड, शहीद पथ मोड़, कमता चौराहा से इकाना स्टेडियम तक तैनात रहेंगे। यह जानकारी संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था उपेंद्र अग्रवाल ने दी है।
दरअसल, इकाना स्टेडियम में वर्ल्डकप के कुल पांच मैच होने है। इसको देखते हुए लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। पिछली बार जाम की स्थिति को देखते हुए इस बार शहीद पथ पर यातायात पुलिस के अतिरिक्त सिपाही तैनात किए जाएंगे। स्टेडियम तक पहुंचने के लिए कमता चौराहा समेत आसपास के रूट को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि यहां पर जाम न लगे।
विशेष रूट प्लान तैयार
इकाना में मैच खेलने के लिए आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंग्लैंड, अफगानिस्तान, नीदरलैंड और साउथ अफ्रीका की टीमें आएंगी। यह सभी टीमें होटल हयात, ताज समेत अन्य होटलों में ठहराव करेंगी। ऐसे में इनको स्टेडियत तक ले आने और ले जाने के लिए पुलिस विशेष रूट प्लान तैयार किया है। इन रूटों पर पुलिस फोर्स की एक्स्ट्रा व्यवस्था रहेगी। पुलिस के मुताबिक, दर्शकों के वाहनों के लिए 11 पार्किंग बनाई गई हैं. इसमें से 7 पार्किंग स्टेडियम के बाहर और 4 पार्किंग स्टेडियम परिसर के भीतर होगी।
एक भी कैमरा नहीं...
बता दें इकाना में लगभग 40 हजार दर्शकों की क्षमता है। साथ ही शहीद पथ पर फिनिक्स प्लासियों माल, लुलू माल भी मौजूद है। ऐसे में 12 अक्टूबर को यहां पर काफी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। हैरानी की बात है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने के बावजूद पुलिस की तरफ से शहीद पथ पर कोई सीसीटीवी कैमरे का इंतजाम नहीं किया गया है। ऐसे में अगर यहां पर कोई अप्रिय घटना होती है तो पुलिस के लिए यह सिरदर्द बन सकता है।
एक नजर में जाने यहां कब-कब मैच
1- 12 अक्टूबर आस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका
2- 16 अक्टूबर को आस्टे्रलिया-श्रीलंका
3- 19 अक्टूबर श्रीलंका-नीदरलैंड
4- 29 अक्टूबर भारत-इंग्लैंड
3- 3 नवंबर को नीदरलैंड और अफगानिस्तान
वर्ल्डकप मैचों को देखते हुए 2500 पुलिसकर्मी और 6 पीएसी कंपनी को तैनात किया गया जाएगा। ताकि यहां की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसके साथ ही ट्रैफिक को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं...,उपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त पुलिस आयुक्त।
ह भी पढ़ें: अमेठी में हत्या के आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या था मामला...
