हल्द्वानी: कागजी बोझ से आजादी, समाज कल्याण कार्यालय बनेगा e-Office... होगा PaperLess Work
लक्ष्मण मेहरा, हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश के सरकारी विभागों के ई-ऑफिस बनने की लिस्ट में जल्द ही समाज कल्याण विभाग का नाम भी जुड़ने वाला है। अगले सप्ताह तक निदेशालय स्तर से ई-ऑफिस की शुरुआत हो जाएगी।
समाज कल्याण उत्तराखंड निदेशक आशीष भटगाई ने बताया कि ई-ऑफिस सिस्टम को लागू करने के लिए लंबे समय से कवायद चल रही थी, जो अगले सप्ताह तक पूरी हो जायेगी।
इसके पहले चरण की शुरुआत निदेशालय स्तर से की जायेगी। इसके बाद जिलेवार सभी कार्यालयों को इससे जोड़ा जायेगा। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस एक सरलीकृत, उत्तरदायी, प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यप्रणाली का माध्यम है। जो विभाग को पेपरलेस भी बनाती है। ई-ऑफिस प्रक्रिया से जहां दस्तावेजों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। वहीं समय की बचत होगी और कार्य में पारदर्शिता आयेगी।
डिजिटलाइजेशन करने की भी चल रही तैयारी
निदेशक आशीष भटगाई ने बताया कि समाज कल्याण विभाग को ई-ऑफिस करने के साथ-साथ डिजिटलाइजेशन करने की भी कवायद तेजी से चल रही है। डिजिटलाइजेशन होने के बाद लोगों को एक क्लिक पर आसानी से विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी मिल पायेगी। साथ ही वह ऑनलाइन ही आवेदन भी कर सकेंगे। जल्द ही डिजिटलाइजेशन का काम भी पूरा हो जायेगा।
ई-ऑफिस से कार्य में पारदर्शिता आयेगी। अगले सप्ताह तक ई-ऑफिस शुरू करने की योजना है। प्रयोग सफल होने के बाद सभी जनपदों के कार्यालयों को इससे जोड़ा जायेगा।
- आशीष भटगाई, निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखंड
