Kanpur News: रोबोट्स ने कराया गति और ताकत का अहसास, HBTU में रोबो क्लब की ओर से हुआ आयोजन
कानपुर के एचबीटीयू में रोबो क्लब की ओर से आयोजन हुआ।
कानपुर के एचबीटीयू में रोबो क्लब की ओर से आयोजन हुआ। रोबोट्स ने गति और ताकत का अहसास कराया।
कानपुर, अमृत विचार। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में शनिवार को माहौल एकदम अलग था। प्रथम और द्वितीय वर्ष के बीटेक छात्र-छात्राओं के बीच रोबोट्स की लड़ाई हुई। किसी में तेज आवाज रही तो कोई तेज गति से दौड़ता नजर आया।
मौका था, रोबो क्लब की ओर से आयोजित रोबो शॉकर का, जिसमें छात्रों ने फर्राटा भरने, झटके सहने और टक्कर खाकर पलटकर फिर से सीधे हो जाने वाले रोबोट तैयार किए। इन रोबोट्स को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग से लैस किया गया है।
एचबीटीयू के रोबो क्लब की ओर से बीटेक पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों के लिए रोबो शॉकर पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के प्रो. रघुराज सिंह और इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रो. कृष्ण राज ने रोबोट्स के कृषि, स्वास्थ्य और कचरा प्रबंधन में उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनके इस्तेमाल से समाज के कार्य बेहतर हो सकते हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग की जानकारी दी। रोबो क्लब के इंचार्ज व मैकेनिकल इंजीनियरिंग के असो. प्रो. एसकेएस यादव ने बताया कि राबो शॉकर में छात्रों ने रोबोट्स तैयार किए। उनमें अपने तरीके से फंक्शन डाले। मौके पर ही उनकी खूबियों को देखा गया। कुछ रोबोट्स को आईआईटी और अन्य संस्थानों के साथ भविष्य में होने वाले करार और प्रोजेक्ट कार्यों में जोड़ा जाएगा।
आईआईटी कानपुर के साथ होगा एमओयू साइन
एसोसिएट प्रो. एसकेएस यादव के मुताबिक जल्द ही एचबीटीयू और आईआईटी कानपुर के बीच एमओयू साइन किया जाएगा। यहां के छात्र कृत्रिम हाथ पर कार्य कर रहे हैं। इसको आईआईटी के सहयोग से बढ़ाया जाएगा। तकनीक को पेटेंट कराकर उत्पाद तैयार होगा।
