अयोध्या: प्रदर्शन स्थगित, नवम्बर में होगा 10 हजार व्यापारियों का सम्मेलन
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में व्यापारी नेता अचल गुप्ता के उत्पीड़न प्रकरण को लेकर व्यापारियों ने सोमवार को घोषित प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। इस दिन अयोध्या कोतवाली में 500 व्यापारियों द्वारा गिरफ्तारी देने का निर्णय लिया गया था। यह जानकारी व्यापार अधिकार मंच के संयोजक सुशील जायसवाल ने खिड़की अलीबेग स्थित कार्यालय पर व्यापारियों की बैठक के उपरान्त दी।
उन्होंने बताया कि मामले के समाधान के लिए जिला प्रशासन को तीन से चार दिन का समय दिया गया है। आगे का निर्णय बैठक में लिया जायेगा। नवम्बर के आखिरी सप्ताह में दस हजार व्यापारियों का सम्मेलन होगा। सम्मेलन के माध्यम से व्यापारियों द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया जायेगा।
व्यापारियों की समस्याओं का समाधान अब एकता व ताकत के बल पर होगा। सम्मेलन को लेकर अगली बैठक 16 अक्टूबर को होगी। उन्होने बताया कि सम्मेलन के लिए व्यापारी नेता विश्व प्रकाश रूपन, कमल कौशल, अरुण गुप्ता, बैजनाथ कसौधन ने पांचो विधानसभा वार कमेटी का गठन कर दिया है। बैठक में 35 बाजारों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : एयरपोर्ट कर्मी के घर दिन दहाडे़ लाखों की चोरी
