रामपुर: छात्राओं की बेरहमी से पिटाई के मामले में आरोपी शिक्षक और परिजनों के बयान दर्ज करने पहुंची पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/सैदनगर, अमृत विचार। अजीम नगर पुलिस सोमवार को बच्चों की पिटाई के मामले में जांच के लिए गांव पहुंची। पीड़ित परिवारों एवं विद्यालय के स्टाफ के साथ आरोपी शिक्षक के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने स्टाफ के लोगों पर दबाव बनाकर समझौता करने का आरोप लगाया है।

मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बगरौआ का है। शनिवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत तीन लोग छुट्टी पर थे। एक शिक्षामित्र बच्चों की परीक्षा कराने पड़ोसी गांव नगलिया गए थे। विद्यालय में मौजूद सहायक अध्यापक सारे बच्चों की शिक्षा का कार्य देख रहे थे। बच्चों की किसी बात को लेकर सहायक अध्यापक भड़क गए। आरोप है कुछ बच्चों को अध्यापक ने बिना कैमरे वाले कमरे में बुलाकर मारपीट की।

मारपीट में कक्षा 5 की आलिया, अरशुमा जबकि अन्य कक्षा की मुंतहा, मुस्कान, अलीशा, सिदरा और मनीसा समेत 7 छात्राएं घायल हो गई। छात्राओं का आरोप था कि अध्यापक ने लात घूसों के साथ डंडे से बेरहमी के साथ पीटा था। मारपीट के बाद कई बच्चे बेहोश हो गए थे। जिन्हें पड़ोस के लोगों ने उनके घरों तक पहुंचा। मारपीट की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन स्कूल में पहुंच गए। हंगामा करने लगे।

भीड़ को देख आरोपी अध्यापक मौके से खिसक लिए। पीड़ित परिवारों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। सोमवार को गांव पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक और पीड़ित परिवारों के परिजनों के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने पुलिस से बताया कि अब हमारा समझौता हो चुका है हम कोई कार्यवाही नहीं चाहते। जबकि कुछ ग्रामीणों ने दबाव के तहत समझौता करने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया शिकायतकर्ता समझौते की बात कह रहे हैं। लेकिन पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : कौन कर गया नियम विरुद्ध कनेक्शन? नहीं ढूंढ़ पा रहा विभाग

संबंधित समाचार