बरेली: संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में उतरी सुनीता गंगवार, कहा- भाजपा दहशत फैलाकर हुकूमत करना चाह रही
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में उतरी पार्टी
बरेली, अमृत विचार। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के पदाधिकारी उतर आए हैं। सोमवार को पार्टी की बरेली रोहिलखंड प्रांत उपाध्यक्ष और पैनी नजर सामाजिक संस्था की प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने सुरेश शर्मा नगर स्थित प्रांतीय कार्यालय पर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि सांसद संजय सिंह को ईडी द्वारा गिरफ्तार करवाकर भाजपा दहशत फैलाना चाहती है, लेकिन आप पार्टी लगातार जनता के मुद्दों को उठा रही है।
संजय सिंह ने जब लोगों के हक में आवाज उठाई तो उनका मुंह बंद करने के लिए सरकार ने यह निराधार आरोप लगाया है, लेकिन इससे आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के तीन राष्ट्रीय नेता जेल जा चुके हैं, लेकिन यह हौसला आज भी बुलंद है। उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। जल्द ही संजय सिंह जेल से बाहर होंगे। कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है भाजपा की नींद उड़ी हुई है। भाजपा नवंबर में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 का चुनाव हार रही है, इसलिए अभी से विपक्ष के नेताओं को फंसाने का काम कर रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: कुतुबखाना के व्यापारियों की फड़-ठेले वालों से फिर ठनी, दुकानें बंद कर धरने पर बैठे
