प्रयागराज: इंदिरा मैराथन के लिए जल्द शुरू होंगे आवेदन, एक हजार से अधिक धावक होंगे शामिल
प्रयागराज। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर 19 नवंबर को होने वाली इंदिरा मैराथन के लिये जल्द ही आवेदन शुरु किया जायेगा। इसके लिए तैयारियां भी शुरु कर दी गयी हैं। इसका रूट भी तय कर लिया गया है। इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता इस बार भी रीवा रोड पर ही होगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आनंद भवन, जबकि समापन समारोह मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा। खेल अधिकारियों के अनुसार इस बार भी प्रदेश सरकार के खेलमंत्री प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। मैराथन में हिस्सा लेने के लिए धावकों का ऑनलाइन पंजीकरण जल्द शुरू किया जाएगा। ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया नवंबर से शुरू होगी।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह ने बताया कि इंदिरा मैराथन के रूट को चिन्हित किया जा चुका है। जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मैराथन में करीब 1000 से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है। इंदिरा मैराथन की कुल दूरी 42.195 किलोमीटर की होगी।
विजेता धावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इसमें पुरुष व महिला वर्ग के प्रथम विजेता को दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक को 75 हजार रुपये दिए जाते हैं। वहीं दोनों वर्ग के 11-11 खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10-10 हजार रुपये दिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: गोंडा: अंतर्जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पदक विजेता जवानों को एसपी ने किया सम्मानित
