शाहजहांपुर: पिछले साल के जिले में मनरेगा के 13222 विकास कार्य अधूरे, पूरे करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उपायुक्त मनरेगा ने समीक्षा बैठक में दिए पूरे करने के निर्देश

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पिछले वित्तीय वर्ष के अधूरे कार्य पूरे कराने में जिले को 38 वीं रैंक मिली है। सोमवार को लखनऊ से पहुंचे उपायुक्त मनरेगा अरुण कुमार सिंह ने अधूरे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान पिछले वित्तीय वर्ष के अधूरे 13222 कार्यों को पूरा कराने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिया।

 जिले में हर साल हजारों की संख्या में मनरेगा के तहत विकास कार्य कराए जाते हैं। साल 2020 में इन विकास कार्यों पर कोरोना का साया पड़ गया था। अब भी इसका असर दिख रहा है। सोमवार को लखनऊ से यहां पहुंचे उपायुक्त मनरेगा अरुण कुमार सिंह ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने बीते वित्तीय वर्ष 2022-23 के विकास कार्यों के विषय में जानकारी ली। इस दौरान उन्हें बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिले में मनरेगा के तहत कुल 19 हजार 162 विकास कार्य होने थे, इनमें से 31 प्रतिशत 5940 विकास कार्य पूरे हुए जबकि 13222 विकास कार्य अधूरे रह गए।

इन्हें पूरा कराने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 2400 कार्य सिर्फ आवास योजना से संबंधित हैं। डीसी मनरेगा बाल गोविंद शुक्ल ने बताया कि बीते साल के विकास कार्यों को पूरा कराने में जिले को प्रदेश में 38 वीं रैंक मिली है। कुल कार्यों के 31 प्रतिशत कार्य पूरे कराए जा चुके हैं, जबकि शेष को पूरा कराया जाना है। उपायुक्त मनरेगा की ओर से भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास जल्द से जल्द सभी कार्यों को पूरा कराना है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तीन टीमें दे रहीं दबिशें, फिर भी पुलिस पकड़ से दूर जगवीर...जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार