हल्द्वानी: पत्नी को ससुराल भेज तीन बेटियों के पिता ने जहर खाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पत्नी को ससुराल भेजने के बाद तीन बेटियों के पिता ने जहर खा लिया और फिर भाई को खबर की। युवक को तलाश करने में काफी देर लग गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। 

बद्रीपुरा काठगोदाम निवासी आजाद हुसैन (33) पुत्र अनीस यहां पत्नी व तीन पुत्रियों के साथ रहता था। पेशे से टैक्सी चालक आजाद गौला खुलने पर अजीविका के लिए डंपर भी चलाता था। आजाद का बाकी परिवार इंद्रानगर बनभूलपुरा में रहता है। बताया जाता है कि सोमवार को आजाद ने पत्नी और बच्चों को इंद्रानगर भेज दिया और कहा कि वह दोपहर में आएगा, लेकिन गया नहीं। जब काफी देर हुई तो आजाद के भाई ने फोन किया।

आजाद ने कहा कि उसने जहर खा लिया। पूछने पर बताया कि वह पुल के नीचे है। आनन-फानन में परिजन उसे तलाश करने के लिए काठगोदाम स्थित गौला पुल पहुंच गए, लेकिन वह वहां नहीं था। भाई ने आजाद को दोबारा फोन किया, तब उसने बताया कि वह इंद्रानगर दरगाह स्थित पुलिया के नीचे है। परिजन दोबारा बताए पते पर पहुंच पाते, उससे पहले ही देर चुकी थी। आजाद गंभीर अवस्था में मिला।

आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आजाद के भाई ने बताया कि उसने टमाटर में डालने वाली दवा खाई थी। हालांकि वह ये नहीं बता सका कि आजाद ने आत्मघाती कदम क्यों नहीं उठाया। 

संबंधित समाचार