बरेली: लिपिक और अन्य पदों पर अग्निवीर भर्ती 4 दिसंबर से होगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारतीय सेना के भर्ती बोर्ड ने कई जिलों के लिए निर्धारित की तिथि

बरेली, अमृत विचार। यूनिट हेडक्वार्टर कोटा (यूएचक्यू) के तहत सैनिक, लिपिक पदों के लिए भर्ती रैली 4 से 16 दिसंबर तक जाट रेजिमेन्टल सेन्टर (जेआरसी) के भर्ती स्थल में होगी। यूएचक्यू के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, ट्रेड्समेन, खिलाड़ी और लिपिक पदों पर भर्ती की जाएगी। सैनिक लिपिक पदों के लिए यह भर्ती रैली युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेन्टल के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों, युद्ध के दौरान शहीद एवं घायल सैनिकों के पुत्रों और सगे भाइयों के लिए होगी। इसके अलावा भर्ती रैली में अन्य रेजिमेंट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों, युद्ध के दौरान घायल सैनिकों के भाई, पुत्र और कानूनी रूप से गोद लिए हुए बच्चों सहित खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।

अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से पहले जांच के लिए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह चार बजे जाट रेजिमेंटल सेंटर के भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। भर्ती स्थल पर 8 बजे के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण 5 दिसंबर 2023 से शुरू होगा। इसके बाद लिखित परीक्षा 10 मार्च 2024 को होगी। उत्तर पुस्तिकाओं का परीक्षण 16 मार्च 2024 से होगा। अंतिम परीक्षा परिणाम 23 मार्च 2024 को घोषित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जाट रेजिमेंटल सेन्टर, बरेली के भर्ती कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

कब किसकी होगी भर्ती

4 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तराखंड और किसी भी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए (उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को छोड़कर) जिन खिलाड़ियों को खेल परीक्षण के दौरान चयनित किया गया था उनकी भर्ती होगी।

5 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, आजमगढ, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जौनपुर, झांसी, कनौज, कानपुर नगर, कासगंज, कौशाम्बी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मऊ और मेरठ के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी।

6 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तर प्रदेश के बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपूर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बदायूं, भदोही, बुलन्दशहर, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फर नगर, जालौन, हापुड़, पीलीभीत, प्रतापगढ, रामपुर, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर और शाहजहांपुर के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी।

8 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए उत्तर प्रदेश के चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फैजाबाद, फर्रूखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, मथुरा, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी, कानपुर देहात, बिजनौर और संभल के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी।

9 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए हरियाणा के अम्बाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, रेवाडी, नूंह और चरखी दादरी के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी।

11 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए हरियाणा के झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, महेंद्रगढ, पलवल, पंचकुला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी।

12 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारा, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चितौड़गढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जोधपुर, अलवर और श्रीगंगानगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी।

14 दिसंबर को अग्निवीर सामान्य ड्यूटी पद के लिए राजस्थान के चुरू, दौसा, धौलपूर, डूंगरपुर, हनुमानगढ, जयपुर, जैसलमेर, नागौर, जालौर, झालावाड, झुंझुनू, करौली, कोटा, पाली, प्रतापगढ़ और राजसमंद के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी।

15 दिसंबर को अग्निवीर ट्रैड्समेन पद के लिए सभी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली होगी।

16 दिसंबर को अग्निवीर लिपिक पद के लिए केवल जाट रेजिमेंटल के लिए सभी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: डेंगू और टाइफाइड की चपेट में गांव के दर्जनों लोग

संबंधित समाचार