ग्रेटर बरेली में 695 भूखंड बेचकर बीडीए ने कमाए 305 करोड़
सेक्टर 2 ए में आवासीय भूखंड पाने के लिए 1141 लोगों ने किया था आवेदन
बरेली, अमृत विचार। बीडीए ने ग्रेटर बरेली प्रोजेक्ट में भूखंड आवंटन की शुरुआत कर दी है। पहले आवंटन में ही बीडीए ने 305 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर ली है। लाटरी से 695 लोगों को अपना घर बनाने के लिए भूखंड आवंटित किए गए हैं।
बीडीए के रामगंगानगर के नए कार्यालय में लाटरी ड्रा निकाला गया। 1141 लोगों ने ग्रेटर बरेली में भूखंड पाने के लिए आवेदन किया था। कई लोगों का नाम लाटरी में नहीं निकलने पर मायूसी हाथ लगी। विशेष कार्याधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि बीडीए ने रामगंगा नगर योजना में आवासीय और व्यावसायिक भूखंड बेचकर दो माह में 475 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है।
बीडीए सचिव योगेन्द्र कुमार ने बताया कि ग्रेटर बरेली आवासीय योजना 60 मीटर चौड़े बरेली बीसलपुर मार्ग और 80 मीटर चौड़े लखनऊ दिल्ली मार्ग बड़ा बाईपास पर स्थित है। योजना में 45 और 30 मीटर चौड़ी जोनल रोड का प्रावधान है। योजना के भीतर की सड़क की चौड़ाई भी 18 मीटर रखी गई है। योजना में बिजली की सभी लाइनें भूमिगत होंगी। ग्रेटर बरेली योजना के आवंटियों को बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए 132 केवीए उपकेंद्र भी बनाया जा रहा है। बीडीए उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रेटर बरेली आवासीय योजना शहर में आवास और व्यवसाय का आकर्षण बन रही है। योजना से क्षेत्र के लोगों को रोजगार भी मिलेगा। योजना के विकास के साथ-साथ बीडीए निकट के गांवों में भी विकास कार्य कराएगा। बरेली विकास प्राधिकरण प्रदेश का पहला प्राधिकरण है, जो किसानों से आपसी सहमति के साथ भूमि क्रय करके आवासीय योजना का विकास कर रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: निजी हॉस्पिटल में दो महिलाओं की मौत से मचा कोहराम, जमकर हुआ हंगामा
