मुरादाबाद : मानपुर चौकी प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
मुरादाबाद,अमृत विचार। बेहतर पुलिसिंग के तमाम दावों के बाद भी पुलिसकर्मी विभाग की साख को बट्टा लगा रहे हैं। ड्यूटी के दौरान बिना बताए गैरहाजिर होना पुलिसकर्मियों की आदत में शुमार हो गया है। इसी मनमानी के कारण एसएसपी के औचक निरीक्षण में चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी फंस गए। मंगलवार की रात एसएसपी ने …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बेहतर पुलिसिंग के तमाम दावों के बाद भी पुलिसकर्मी विभाग की साख को बट्टा लगा रहे हैं। ड्यूटी के दौरान बिना बताए गैरहाजिर होना पुलिसकर्मियों की आदत में शुमार हो गया है। इसी मनमानी के कारण एसएसपी के औचक निरीक्षण में चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी फंस गए।
मंगलवार की रात एसएसपी ने भगतपुर थाना क्षेत्र में पड़ने वाली मानपुर चौकी का निरीक्षण किया तो वहां पर ताला लटका मिला। मुंशी तक चौकी में मौजूद नहीं मिला। जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने चौकी प्रभारी समेत नौ पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने के आदेश कर दिए। इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिसिंग को बेहतर करना शासन की पहली प्राथमिकता में है। समय-समय पर शासन से इसके लिए दिशा-निर्देश भी दिए जाते हैं। इतना ही नहीं सख्त आदेश हैं कि थाने या फिर चौकी आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस कर्मी बेहतर व्यवहार करें और उनकी समस्या का हरसंभव निस्तारण कराने का प्रयास करें। हालांकि यह बात दीगर है कि यह आदेश अधिकतर कागजों पर ही देखने को मिलते हैं।
पुलिस कर्मियों की मनमानी जगजाहिर है, फरियादियों के साथ अभद्रता और माफियाओं के साथ साठगांठ करने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। इसके अलावा पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी में भी लापरवाही बरतने में बाज नहीं आते हैं। आला अफसरों को सूचना दिए बगैर गैरहाजिर होना तो उनकी आदत बन चुकी है। कई दफा ऐसे लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है लेकिन नतीजा सिफर है। मंगलवार की रात एसएसपी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में पुलिस कर्मियों की मनमानी फिर सामने आई।
ये हुए लाइन हाजिर
मंगलवार की रात एसएसपी प्रभाकर चौधरी भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का भ्रमण करने गए थे। वापस आते समय वह भगतपुर थाना क्षेत्र में पड़ने वाली मानपुर चौकी पर रुक गए। बताया जाता है कि चौकी पर ताला लगा हुआ था और सभी पुलिस कर्मी बिना बताए ड्यूटी से गैर हाजिर थे।
इसके बाद उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने थानाध्यक्ष को फोन किया। साथ ही लापरवाह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने के आदेश कर दिए। उनके आदेश के बाद चौकी प्रभारी मोहित कुमार, दारोगा परवेंद्र कुमार, सिपाही शक्ति राठी, संदीप कुमार, सर्वेश कुमार, सचिन कुमार, अशोक नेहरा और गौरव रावत को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। एक साथ नौ पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करने के बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
