हरदोई: जिला प्रशासन ने खाली कराया फुटपाथ, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। नगर में नियमित लग रहे जाम से आजिज प्रशासन ने बुधवार को आखिर अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू ही करा दिया। बिलग्राम रोड स्थित कब्रिस्तान के बाहर चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान में फुटपाथ पर रखी दर्जनों दुकानों को प्रशासन ने हटवाकर मार्ग पर चलने लायक बना दिया।

बताते चलें कि नगर में इन दिनों जबर्दस्त अतिक्रमण है। अतिक्रमण के चलते सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। आए दिन जाम की शिकायतें लोग जिला प्रशासन से किया करते हैं। अतिक्रमण के चलते कई मार्ग दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। प्रशासन ने दुकानदारों को नोटिस देकर स्वयं अपना अतिक्रमण हटाने को कहा था, लेकिन अतिक्रमण दुकानदारों द्वारा नहीं हटाया गया।

इस पर बुधवार की शाम जिला प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही शुरू की। प्रशासन ने फुटपाथ पर स्थायी अतिक्रमण किए दर्जनों अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। जेसीबी व पुलिस को देखकर कुछ दुकानदार स्वयं अपना अतिक्रमण हटाने लगे। प्रशासन के इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

नगर मजिस्ट्रेट प्रशांत तिवारी ने बताया कि अब लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। पुन: अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी। अतिक्रमण हटवाने वालों में नगर मजिस्ट्रेट, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी विनीत सोलंकी सहित पालिका का अतिक्रमण विरोधी दस्ता व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: JPNIC में गेट कूदकर घुसने पर भड़के डीप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कहा- नौटंकी करने गए थे अखिलेश यादव

संबंधित समाचार