युवा संगठन
दुनिया की सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है। राष्ट्र की प्रगति और कामयाबी के लिए युवा बेहद अहम होते हैं। संयुक्त राष्ट्र के ज्यादातर सतत विकास लक्ष्य युवाओं पर लक्षित हैं। भारत में दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। देश में 15 से 19 साल के बीच लगभग 40 करोड़ युवा हैं। ये भारत की बड़ी ताकत है। भारत 2030 में भी अपेक्षाकृत ‘युवा’ देश बना रहेगा।
सरकार ने ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) नाम की संस्था बनाने का निर्णय लिया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘मेरा युवा भारत’ की स्थापना को मंजूरी दे दी। संस्था युवाओं के विकास और युवा नीत विकास के लिए प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली के रूप में काम करेगी। तेजी से बदलती दुनिया में तीव्र गति का संचार, सोशल मीडिया, नए डिजिटल अवसर और उभरती प्रौद्योगिकियों का वातावरण है।
इस पहल का मकसद ‘संपूर्ण सरकारी दृष्टिकोण’ के सिद्धांतों द्वारा निर्देशित युवाओं का सशक्तिकरण करना है। ‘मेरा युवा भारत’ एक स्वायत्तशासी निकाय के रूप में काम करेगा। इसका उद्देश्य युवाओं के विकास और युवा नेतृत्व वाले विकास के लिए प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित एक व्यापक सक्षम तंत्र के रूप में कार्य करना और युवाओं को समान पहुंच प्रदान करते हुए उनकी आकांक्षाओं को साकार करने के अलावा सरकार के संपूर्ण दायरे में विकसित भारत का निर्माण करना है। यह व्यवस्था राष्ट्र निर्माण के लिए अपार युवा ऊर्जा का उपयोग करेगी।
नई व्यवस्था के तहत युवा, संसाधनों तक पहुंच और अवसरों से जुड़ाव के साथ, परिवर्तन के एजेंट और राष्ट्र निर्माता बन जाएंगे। सरकार तथा नागरिकों के बीच युवा सेतु के रूप में कार्य कर सकेंगे। ध्यान रहे 21वीं सदी में भारत के विकास के बुनियादी पहलुओं को आकार देने की कवायदों में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया गया है। युवा देश के विकास के लिए अपना सक्रिय योगदान प्रदान करें न कि उसका एक हिस्सा बनकर रह जाएं। सरकार का पूरा ध्यान युवाओं के माध्यम से विकास लाने पर केन्द्रित है।
युवाओं के व्यक्तित्व में सुधार लाने, उनमें नेतृत्व के गुण विकसित करने एवं उनमें ज़िम्मेदार नागरिक के गुण और स्वयंसेवा की भावना उत्पन्न करने के उद्देश्य से युवा मामले विभाग ने भी विभिन्न कार्यक्रमों को कार्यान्वयित किया है। वास्तव में युवाओं में सेवा भाव और कर्तव्यबोध हो और आत्मनर्भर भारत बनाने की लगन हो तो अगले 25 साल में देश को विकसित भारत बनाने में उनकी बड़ी भूमिका हो सकती है। कहा जा सकता है कि ‘मेरा युवा भारत’ मंच, देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कारगर साबित होगा।
