गोरखपुर में फ्रांस का नागरिक गिरफ्तार, वीजा नियमों का किया है उल्लंघन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर , अमृत विचार। जिले में एक फ्रांसीसी नागरिक को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कृष्ण कुमार विश्नोई ने बृहस्पतिवार को बताया कि मंगलवार को अंबेडकर जनमोर्चा नामक संगठन ने अपनी मांगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया था। उन्होंने बताया कि इस बीच, पुलिस को सूचना मिली कि प्रदर्शनकारी लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन के लिए मौके पर तंबू लगा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो प्रदर्शनकारियों में एक फ्रांसीसी नागरिक भी मिला। उन्होंने बताया कि उसकी पहचान हेनोल्ड वेलेंटाइन जीन रोजर के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि पड़ताल के दौरान रोजर ने पासपोर्ट और वीजा दिखाया, जो वैध पाये गये। मगर उसे कारोबार के सिलसिले में भ्रमण करने और बिहार के धनबाद जाने के लिये वीजा जारी किया गया था लेकिन वह धनबाद जाने के बजाय धरना—प्रदर्शन में शामिल होने के लिये गोरखपुर आ गया। 

विश्नोई ने बताया कि इस पर फ्रांसीसी नागरिक को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि रोजर की गिरफ्तारी के बारे में फ्रांस के दूतावास को सूचना दे दी गयी है।

ये भी पढ़ें -कुशीनगर में मिला मजदूर का शव, शराब पीने का था आदी

संबंधित समाचार