बरेली: SSP ने की छात्रा के घर से कोचिंग जाने तक के पूरे घटनाक्रम की छानबीन, जानिए मामला
घटना पर पूरी रात बेखबर रहने को लेकर मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद जवाब नहीं दे पा रहे हैं अफसर
फोटो- घटना स्थल का निरीक्षण करते एसएसपी।
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। छेड़खानी के विरोध पर ट्रेन के आगे धक्का दे दिए जाने से छात्रा के दोनों पैर और एक हाथ कट जाने की घटना पर रात भर बेखबर रहने पर अफसर जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इस मामले में पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाराजगी जताने और उसके बाद एडीजी जोन के जमकर क्लास लेने का नतीजा यह हुआ कि बृहस्पतिवार को एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने खुद पूरे घटनाक्रम की छानबीन की। सुबह नौ बजे वह थाना सीबीगंज पहुंचे जहां इंस्पेक्टर से जानकारी लेने के बाद छात्रा के गांव जाकर पूछताछ की, इसके बाद घटनास्थल का भी गहनता से निरीक्षण किया।
छात्रा के परिजनों ने जिस भट्ठे के पास उससे छेड़खानी होने की बात बताई थी, वहां पहुंचकर पूछताछ की। इसके बाद छात्रा के कोचिंग इंस्टीट्यूट जाकर उसके मालिक से भी जानकारी ली। इसी दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की गई। गांव में ही इलाहाबाद बैंक की सीसीटीवी फुटेज में छात्रा मंगलवार को साइकिल से अकेले जाती हुई दिखी।
इस बीच यह भी पता लगा कि आरोपी विजय मौर्य छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा था। मंगलवार को छात्रा के जन्मदिन पर भी उसने उसे कई बार फोन किया था। छात्रा के परिजनों ने उसके परिजनों से शिकायत की तो उसके पिता ने तो शिकायत को अनदेखा कर दिया लेकिन विजय के दादा धनपाल ने उसे थप्पड़ मारा था।
