UP: ढाबे पर मामूली बात को लेकर हुआ विवाद, संचालक व गुर्गों ने एयरफोर्स जवानों को रॉड और डंडों से पीटकर लूटा, जानें- मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में ढाबा संचालक और उसके गुर्गों ने एयरफोर्स जवानों को रॉड और डंडों से पीटकर लूटा।

कानपुर में खाना खाने के बाद डिस्काउंट मांगना भारी पड़ गया। ढाबा संचालक और उसके गुर्गों ने एयरफोर्स जवानों को रॉड और डंडों से पीटकर लूट लिया। पीड़ितों ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी थानाक्षेत्र में ढाबे पर खाना खाने गए दो एयरफोर्स जवानों को डिस्काउंट मांगना भारी पड़ गया। संचालक ने गुर्गों के साथ मिलकर दोनों को जमकर पीटा और लूट लिया। पीड़ितों ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।   

अभिषेक सिंह ने पुलिस को बताया कि वह और प्रवेश कुमार हिंडन एयर फोर्स गाजियाबाद में कार्यरत हैं। वायुसेना परेड प्रयागराज में भाग लेकर वापस गाजियाबाद जा रहे थे। भौती में जनता चौहान ढाबा में खाना खाने के लिए रुके थे। खाने का बिल 1800 रुपये आया। उन लोगों ने 200 रुपये डिस्काउंट करने के लिए कहा तो ढाबा संचालक और कर्मचारियों ने अभद्रता और गालीगलौज शुरू कर दी।

जब इसका विरोध किया तो ढाबे के रमाकान्त, ज्ञानेन्द्र, शिवम और मनोज ने अन्य लोगों के साथ उनको रॉड और लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया।  

पीड़ितों के अनुसार ढाबा संचालक और उसके गुर्गों ने मारपीट के दौरान उन लोगों का आईकार्ड और 3500 रुपये और पर्स लूट लिया। सचेंडी थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि रमाकांत, ज्ञानेंद्र, शिवम, मनोज और एक अज्ञात के खिलाफ धारा 323, 504, 394 के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

अराजकतत्वों के अड्डे हैं हाईवे के ढाबे 

हाईवे के ढाबों पर अराजकतत्वों का जमावड़ा रहता है। शाम होते ही  दबंग ढाबा संचालक शराब पिलाते हैं। जिससे आए दिन घटनाएं होती हैं।

संबंधित समाचार