Kanpur Dehat Fire: आनंदेश्वर फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग… दस लाख रुपये का नुकसान, बिना एनओसी चल रही थी
कानपुर देहात के आनंदेश्वर फैक्ट्री के गोदम में भीषण आग लग गई।
कानपुर देहात के आनंदेश्वर फैक्ट्री के गोदम में भीषण आग लग गई। आग से दस लाख रुपये का माल जलकर खाक हो गया। दो फायर टैंकर से आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र जैनपुर स्थित गद्दे का फोम, कुर्सी व प्लास्टिक दोना बनाने वाली फैक्ट्री के गोदाम में शुक्रवार रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। लपटें उठती देख मजदूरों व आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दो दमकल वाहन लेकर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग से करीब दस लाख रुपये नुकसान की संभावना है। अग्निशमन अधिकारी ने फायर एनओसी न होने पर नोटिस देने की बात कही है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र जैनपुर में बाबा आनंदेश्वर इंडस्ट्रीज में गद्दे का फोम, कुर्सी व प्लास्टिक दोना पत्तल बनता है। शुक्रवार रात शार्ट सर्किट से फैक्ट्री के गोदाम में आग लग गई। जिससे लपटें आसमान में उठने लगी। यहां आग बुझाने के लिए इंतजाम तो थे, लेकिन उपकरण सक्रिय नहीं होने के कारण आग बुझाने के बेकार रहे। आग की ऊंची लपटें देखकर मौजूद मजदूरों व आसपास के लोगों में हड़कंप गया।
जानकारी पर माती फायर स्टेशन से मुख्य अग्निशमन अधिकारी दो दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल जवानों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया शार्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लगने की बात सामने आई है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
करीब दस लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री 17 सितंबर से ट्रायल पर थी। जिसका निरीक्षण पूर्व में किया गया था। फैक्ट्री को किसी तरह की प्रोविजनल या स्थायी एनओसी नहीं दी गई थी। इसके बावजूद संचालन किया जा रहा था। नोटिस देकर अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
