संभल: चोरी के ट्रैक्टर और कारों के कारोबार में शामिल 11 गिरफ्तार, 36 घंटे बाद भी कार्रवाई जारी
संभल, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती ट्रैक्टर बाजार में चोरी के ट्रैक्टर व पुर्जे बरामदगी व धंधे में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस ने कारोबार में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार कर एक दर्जन गोदामों को सील किया है। वहीं संभल कोतवाली पुलिस ने कार व बाइक चोरी के कारोबार में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत के निर्देश पर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती ट्रैक्टर व जनरेटर बाजार में छापामार कार्रवाई की थी। पुलिस ने पांच सौ से ज्यादा ट्रैक्टरों के पुर्जे व जेनरेटर यहां से बरामद किये थे। बरामद सामान की तादाद इतनी ज्यादा है कि दूसरे दिन भी कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।
पुलिस ने काफी ट्रैक्टर पार्टस व कुछ जेनरेटर थाने पर भिजवा दिये हैं जबकि एक दर्जन गोदामों पर फिलहाल सील लगा दी है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि चोरी के ट्रैक्टर व पुर्जे बेचने वालों पर कार्रवाई का अभियान जारी है। नखासा पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर व सामान बेचने के मामले में जहूर, रिजवान,उस्मान,फारूक, यूनुस और शाहरुख निवासी मोहल्ला शहबाजपुरा,शाकिर निवासी चमन सराय व हिलाल निवासी दीपा सराय सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई काम पूरा होने तक जारी रहेगी।
चोरी की कार व बाइकों के पुर्जे बेचने में तीन गिरफ्तार
एक तरफ नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती ट्रैक्टर बाजार में पुलिस ने छापेमारी की वहीं कुछ समय बाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला में चोरी की कार व बाइकों के पुर्जे बेचने वालों पर छापामार कार्रवाई की गई। एक बाइक व कार के कुछ सामान की बरामदगी के साथ तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
शहर कोतवाल पवन कुमार ने पुलिस बल के साथ मोहल्ला नाला में कार व बाइकों के पुर्जे बेचने वालों के यहां छापामार कार्रवाई की। जब तक पुलिस वहां पहुंची तब तक काफी सामान समेट लिया गया था। आशंका जाहिर की जा रही है कि या तो रायसत्ती में छापामार कार्रवाई के बाद कारें व सामान हटाया गया या फिर पुलिस कार्रवाई की बात किसी तरह लीक हो गई। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि कार व बाइक के पुर्जे बेचने वाले तीन गैराजों पर छापेमारी कर मौके से एक बाइक के साथ ही कार के पार्ट्स व फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई। मौके से शाहरूख व इमरान निवासी लाडम सराय के अलावा अफरोज निवासी चौधरी सराय को गिरफ्तार किया गया है।
जीएसटी व प्रदूषण नियंत्रण विभाग भी कर रहा कार्रवाई
नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती बाजार में ट्रैक्टर व जनरेटर बेचने का काम करने वालों पर पुलिस कार्रवाई के साथ ही बाकी महकमे भी शिकंजा कस रहे हैं। जिन दुकानों व गोदामों से सामान की बरामदगी की गई है उनकी पड़ताल जीएसटी व प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी भी कर रहे हैं। देखा जा रहा है कि कारोबार करने वालों ने फर्म पंजीकृत कराई है या नहीं और वह टैक्स देते हैं या नहीं। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम इस कारोबार से प्रदूषण का आंकलन कर रही है।
ये भी पढे़ं- संभल: चोरी के 500 से अधिक ट्रैक्टरों के पुर्जे और सैकड़ों जेनरेटर बरामद
