बहराइच: रुपए के विवाद में लकड़ी ठेकेदार को मारी गोली, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले के करमुल्लापुर गांव निवासी लकड़ी ठेकेदार को दूसरे ठेकेदार ने बाइक से रुकवाया। इसके बाद गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। कोतवाली कैसरगंज क्षेत्र के करमुल्लापुर सराय गांव निवासी रामदेव लकड़ी ठेकेदार हैं। रुपयों के लेनदेन को लेकर उनका लकड़ी ठेकेदार चांदबाबू से विवाद चल रहा है।

रामदेव ने आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार को कैसरगंज बाजार गया था। जहां से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सराय कनहर रोड पर विपक्षी चांदबाबू ने अपने एक साथी के साथ उसे रुकने को कहा। जैसे ही उसने बाइक रोकी उसने उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके हाथ पर लगी और वह गिर गया। 

इसी दौरान पीछे से एक राहगीर गुजरा जिसकी बाइक की रोशनी देख दोनो फरार हो गया। पीड़ित रामदेव ने बताया कि एक राहगीर ने घर पर फोन किया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। रामदेव ने बताया कि दो दिन पूर्व विपक्षी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पीड़ित ने बताया कि रात में ही कोतवाली में तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी कोई कार्यवाई नहीं हुई। उधर ग्रामीणों का कहना है कि कोतवाल पर रात भर मामले को दबाने के प्रयास में लगे रहे। चर्चा है, कि पुलिस ने रात में ही विपक्षी चांदबाबू को गिरफ्तार कर लिया था और कोतवाली ले गई थी। लेकिन रात से ही बिना किसी कार्यवाई के मामले को रफादफा करने में जुटी है।  

एयरगन से हमला हुआ
प्रकरण में प्रथम दृष्टया एयर गन से हमला करने की बात सामने आई है। जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़ित रामदेव की तहरीर पर चांदबाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है..., राजनाथ सिंह, कोतवाल कैसरगंज।

ले रहे हैं जानकारी
प्रकरण की जानकारी नहीं है। एक प्रकरण में हाईकोर्ट आए हैं। मामले की जानकारी कोतवाल से ली जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्यवाई की जाएगी...,कमलेश सिंह, सीओ कैसरगंज।

यह भी पढ़ें:-देवरिया नरसंहार कांड: पीड़ितों से मिले अखिलेश यादव, मृतकों को दी श्रद्धांजलि, घर का नजारा देख रह गए दंग

संबंधित समाचार