बुलंदशहर: डाकघर में धोखाधड़ी से दूसरे खातों में पैसे भेज देने वाले कर्मचारी पर प्राथमिकी दर्ज, निलंबित
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले में खुर्जा स्थित प्रधान डाकघर के एक पूर्व कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। डाक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार निष्क्रिय पड़े खातों से रुपये निकालकर दूसरे खातों में भेजने पर प्रधान डाकघर के पूर्व कर्मचारी पवन कुमार के खिलाफ खुर्जा थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420 (धोखाधड़ी) और 409 (विश्वास का आपराधिक हनन) के तहत रविवार रात प्राथमिकी दर्ज की गयी। यह प्राथमिकी डाकघर (बुलंदशहर मंडल) के अधीक्षक टी पी सिंह की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर दर्ज की गयी।
पवन कुमार की तैनाती खुर्जा स्थित प्रधान डाकघर में तीन अप्रैल 2018 से लेकर एक जुलाई 2022 पूर्वाहन तक रही । टी पी सिंह ने सोमवार को बताया कि डाक विभाग के कर्मचारी पवन कुमार ने खुर्जा स्थित प्रधान डाकघर में तैनाती के दौरान ऐसे खातों को चिन्हित किया जिनमें पैसे तो थे लेकिन वे निष्क्रिय हो गए थे।
सिंह के अनुसार इन खातों को पवन कुमार ने लक्ष्य बनाया और उनमें खाता धारकों के मोबाइल नंबर बदल दिए। आरोपी ने वहां कार्यरत स्टाफ की यूजर आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग किया तथा उन खातों से अपने खातों में करीब 29.23 लाख रुपये अंतरित कर लिए।
अधीक्षक ने बताया कि जब एक शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत की गई तो यह मामला सामने आया। उनके अनुसार जब शिकायतकर्ता ने अपनी पासबुक अपडेट कराई तो उसे पता चला कि उसके खाते से पैसे निकाल लिये गये हैं। सिंह ने बताया कि जब मामले की जांच की गई तो तीन अन्य खाते मिले जिनमें पवन कुमार के जरिए पैसा निकाला गया है।
अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में पवन कुमार अलीगढ़ जिले के खैर में तैनात था, जिसे निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि निलंबन के उपरांत आरोप पत्र जारी किया जा रहा है तथा उसके द्वारा जो धनराशि इन खातों में से दूसरे खातों में अंतरित की गई थी, वह उससे ब्याज के साथ बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि यह धनराशि उन्हीं खातों में डालर दी गई है जिनसे पवन कुमार ने उसे निकाला था। अधीक्षक के मुताबिक सभी खातों का सत्यापन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने देश को लूटने वाले, देश का विभाजन करने वालों का किया महिमामंडन: राजभर
