Banda Crime: शराब के नशे में पीटकर की थी सब्जी कारोबारी की हत्या... एक हत्यारोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी, पढ़ें- पूरी खबर
बांदा में सब्जी कारोबारी की हत्या का हत्यारोपी गिरफ्तार।
बांदा में सब्जी कारोबारी की हत्या के एक हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पूरी वारदात का खुलासा हुआ।
बांदा, अमृत विचार। लगभग एक पखवारा पहले सब्जी कारोबारी की पीट-पीटकर हुई हत्या का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो फरार अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि शराब के नशे में विवाद होने पर सब्जी कारोबारी की लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर की रात सब्जी कारोबारी ओमप्रकाश की तीन अज्ञात अभियुक्तों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन जंगल दफ्तर रोड पर वैष्णो देवी मंदिर के निकट उसका शव बरामद हुआ था। पुलिस इस हत्याकांड के खुलासे के प्रयास में जुट गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए।
सीसीटीवी फुटेज में पाया गया कि तीन युवक सब्जी कारोबारी को बिजली खेड़ा में 22 फुट रोड स्थित एक ब्यूटी पार्लर के निकट पीट रहे हैं। इस फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई। इसमें से एक अभियुक्त अंकित चैरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दो अन्य अभियुक्त कालू कुआं निवासी सौरभ दीक्षित पुत्र आनंददेव और स्वराज कालोनी निवासी शिवाकांत तिवारी उर्फ नागू पुत्र मिथलेश तिवारी की तलाश की जा रही हैं।
बताया गया है कि विवाद होने पर तीनों अभियुक्तों ने सब्जी कारोबारी शराब के नशे में था। विवाद होने पर पीटकर हत्या कर दी। शव को जंगल दफ्तर के निकट वैष्णों देवी मंदिर के पास फेंककर फरार हो गए। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार दुबे, एसएसआई कृष्णदेव त्रिपाठी व आरक्षी भानु गुर्जर शामिल रहे।
