संभल: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बच्ची की बांह कटकर गिरी, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर मकान की दीवार के सहारे खड़ी बच्ची की बांह कटकर जमीन पर गिर गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहीं छोड़कर भाग गया। परिजन उपचार कराने बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर बच्ची को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा निवासी शशीपाल की पांच वर्षीय पुत्री कामिनी सोमवार की दोपहर ढ़ाई बजे पड़ोसी कल्लू के दरवाजे के पास दीवार के सहारे खड़ी थी। गांव के ही अशोक के ट्रैक्टर-ट्रॉली से चालक महीपाल पराली की कुट्टी (चारा) विजयपाल के घर उतारकर जा रहा था। शशीपाल के घर के पास पहुंचते ही अचानक से ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और कल्लू के मकान की दीवार से टकरा गया। टक्कर लगने से कामिनी की बांह शरीर से कटकर जमीन पर गिर गई। टक्कर मारने के बाद महीपाल ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर भाग गया। 

हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। सूचना मिलने पर खेत पर काम कर रहे परिजन मौके पर पहुंचे और कामिनी को लेकर थाने आ गए। पुलिस ने मेडिकल कराने के लिए कामिनी को जिला अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर कामिनी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढे़ं- संभल: बाइक सवार मजदूर को लूटा, विरोध पर पीटकर किया घायल

 

संबंधित समाचार