संभल: बाइक सवार मजदूर को लूटा, विरोध पर पीटकर किया घायल
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गुमथल मार्ग पर रविवार की रात नौ बजे दो हथियारबंद युवकों ने बाइक सवार मजदूर से चार हजार रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर युवकों ने मजदूर युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों के आने पर युवक तमंचा लहराते हुए बाइक से भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पीआरबी ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव नाचनी निवासी तेजवीर पुत्र देशराज बनियाठेर थाना क्षेत्र के गुमथल रोड पर सोनू सैनी के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का कार्य कर रहा है। वह अरविंद पुत्र लोचन सिंह व उसके चाचा सोनू पुत्र रामकिशोर दोनों साथी मजदूरों के साथ निर्माणाधीन मकान में ही रहता है। रविवार की रात साढ़े आठ बजे तीनों मजदूर बाइक पर सवार होकर गांव गुमथल के पास शौच करने गए थे।
जब तीनों बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे, तो गुमथल मार्ग पर आसाराम बापू सत्संग भवन के सामने दो हथियारबंद बाइक सवार युवकों ने मजदूरों की बाइक रुकवा ली। पीछे बैठे तेजवीर ने विरोध किया तो उसकी शर्ट का कालर पकड़ कर नीचे उतार लिया। इसी दौरान मौका पाकर अन्य दोनों मजदूर बाइक लेकर भाग निकले। इसके बाद दोनों युवकों ने मजदूर तेजवीर के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे चार हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद तमंचाधारी आरोपी मजदूर को पीटते रहे।
शोर शराबा सुनकर आसपास के मकानों से अन्य लोग भी निकल आए। लोगों के आने पर आरोपी युवक तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इसके बाद घटना की सूचना 112 पीआरबी को दी गई। मौके पर पहुंची पीआरबी ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हर्षित व उसके भाई पुलकित पुत्र लल्ला पहलवान निवासी अशोक नगर थाना बनियाठेर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने लूट की घटना मारपीट में दर्ज की
बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव गुमथल रोड पर दो तमंचाधारी युवकों ने मजदूर के साथ लूटपाट कर मारपीट की। घायल अवस्था में मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया गया। मजदूर तेजवीर ने बताया कि दो युवकों ने तमंचे की बट से मारपीट की। घायल होने पर उसके पास रखे चार हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद भी आरोपी युवक मारपीट करते रहे। पुलिस ने मजदूर से लूट के स्थान पर मारपीट की तहरीर ली। जबकि मजदूर अपने साथ लूट होने की बात कह रहा था। इसके बाद पुलिस ने घटना का अल्पीकरण करने के बाद मामला मारपीट में दर्ज कर लिया।
घटना का वीडिया वायरल, युवक के हाथ दिखा तमंचा
रविवार की रात जब तमंचाधारी युवक मजदूर तेजवीर के साथ मारपीट कर रहे थे। आसपास के युवक घटना की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिसमें एक आरोपी युवक के हाथ तमंचा स्पष्ट नजर आ रहा है और वह मजदूर के साथ गाली-गलौज कर रहा है। जबकि आरोपी युवकों के विरुद्ध पहले से ही थाने में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज है। गुमथल रोड के लोगों ने बताया कि अक्सर यह युवक रात के समय नशे की हालत में बाइक से गुमथल रोड पर घूमते रहते हैं। जिससे लोगों में भय है।
ये भी पढे़ं- संभल: चोरी के ट्रैक्टर और कारों के कारोबार में शामिल 11 गिरफ्तार, 36 घंटे बाद भी कार्रवाई जारी
