शाहजहांपुर: बेमौसम आंधी-बारिश का कहर, पेड़ गिरने से प्रधान की मौत, फसलों को क्षति
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सोमवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ हुई बारिश में खुटार-पुवायां मार्ग पर रुजहा खुर्द मोड़ के समीप अचानक पेड़ के गिरने से बाइक सवार प्रधान 48 वर्षीय होतेलाल की मौत हो गई। इस घटना को जिसने सुना, वहीं आवाक रह गया। आंधी के साथ कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश से खेतों में पकी खड़ी और कटी पड़ी धान की फसल भीगने से किसानों को काफी नुकसान हो गया। वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिरे, जिससे धान और गन्ने की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल बेमौसम बरसात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ इलाकों में खेत व खलिहान में पानी भर जाने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीर साफ-साफ दिखाई पड़ने लगी हैं। आसमान में बादल छाए हैं और मंगलवार को भी बारिश की संभावना के चलते खेतों में फसल की कटाई रुक गई है।
अधिकांश खेतों में मंसूरी प्रजाति की धान की फसल पककर खेतों में खड़ी थी। कुछ किसानों ने अभी धान की कटाई शुरू तक नहीं की है। जबकि कई किसानों ने फसल काटकर सूखने के लिए खेतों में फैला रखा था। वहीं सोमवार को दिन में करीब दो बजे से आसमान में बादल छा गए और धूल भरी आंधी चलने लगी, फिर गरज के साथ बारिश हुई। बेमौसम हुई इस बारिश ने किसानों की मंशा पर पानी फेर दिया। जिले के पुवायां, जलालाबाद, तिलहर, कलान, बंडा, कांट सहित अन्य गांवों मे बारिश होने से धान की फसल खराब हो गई है।
वहीं दूसरी तरफ, जिन किसानों ने धान की अगैती फसल काटकर दो-तीन दिन पहले गेहूं की बुआई की थी,उन्हें भी नुकसान होने का अंदेशा है। किसान रामचंद्र, स्वामी दयाल, जानकी प्रसाद, नोखेलाल, रजनीश कुमार, दिनेश चौधरी, अर्जुनलाल, सोमदेव, राजकिशोर, दीनदयाल, श्याम किशोर आदि बताते हैं कि धान की फसल भीगने से अब एक सप्ताह कटाई संभव नहीं है। बेमौसम बारिश से कटी हुई फसल भी खराब हो गई है। पानी में धान भीग जाने से दाना काला पड़ जाएगा। जिससे मंडी में भी धान का मूल्य कम मिलेगा। वे कहते है कि खेतों में बोए गए गेहूं के बीज का जमाव भी प्रभावित होगा।
आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने से खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इसी के साथ बोई गई सरसों और आलू की फसल काफी प्रभावित हुई है, जिससे किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई है। आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। सिविल कोर्ट में आंधी के कारण कई पेड़ो की डालें टूटकर अधिवक्ताओं की टीन शेड पर गिर जाने से टीन टूट गईं। करीब डेढ़ घंटे आंधी, बारिश और ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं नहिल रोड स्थिति मंडी समिति व निगोही रोड स्थित भटिउरा मंडी में धान भीग गया। नगर में नाले नालियां चोक होने से पानी भर गया, जिससे लोगों को निकलने में दिक्कत हुई।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: डेंगू के डंक का कहर, महिला प्रधान समेत आठ की मौत
