रेलवे प्रशासन का एलान- स्पेशल ट्रेनों में मिलेगी रिजर्व बर्थ, तत्काल की मारामारी से राहत
लखनऊ, अमृत विचार। दुर्गापूजा, दशहरा, दिपावली, छठ, भैयादूज फेस्टिवल पर अन्य प्रदेशों से यूपी के शहरों में आने वाले रेल यात्रियों को इस बार रेलवे प्रशासन ने बड़ी सुविधा का एलान किया है। इस बार त्योहारों पर रेल यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
यात्रियों को ट्रेनों में वेटिंग से राहत मिलने के साथ तत्काल टिकटों की मारामारी के लिए नहीं जूझना पड़ेगा। ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के चलते रेलवे ने कई शहरों के लिए अधिक से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का एलान किया है। इससे परदेश में रहने वाले लोगों को परिवार के साथ अपने घर आकर त्योहार मनाना आसान होगा।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक रेल प्रशासन ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस-वाराणसी और पुणे-गोरखपुर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें 14-14 फेरों के लिए चलाने का निर्णय लिया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस स्पेशल (14 फेरे) ट्रेन संख्या-01053 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवम्बर तक प्रत्येक सोमवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 4:05 बजे बनारस पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 01053 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक प्रत्येक मंगलवार को बनारस से रात्रि 8:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात्रि 11:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन मार्ग मे कल्याण जंक्शन, इगतपुरी, नासिक रोड़ , भुसावल जंक्शन, खंडवा जंक्शन, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, जबलपुर , कटनी जंक्शन, मैहर , सतना जंक्शन, मानिकपुर जंक्शन तथा प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर दोनों दिशाओं मे रुकेगी।
पुणे-गोरखपुर सुपरफास्ट स्पेशल (14 फेरे) ट्रेन संख्या-01431 पुणे-गोरखपुर सुपरफास्ट स्पेशल 20 अक्टूबर से 1 दिसम्बर तक प्रत्येक शुक्रवार को पुणे से शाम 4:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात्रि 9 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी दिशा में 01053 गोरखपुर-पुणे सुपरफास्ट स्पेशल 21 अक्टूबर से 2 दिसम्बर तक प्रत्येक शनिवार को गोरखपुर से रात्रि 11:25 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे पुणे पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन मार्ग मे अहमदनगर जंक्शन , बेलापुर ,कोपरगाँव, मनमाड जंक्शन, भुसावल जंक्शन, खंडवा जंक्शन पर रुकेगी।
यह भी पढ़ें:-तीन दिवसीय प्रवास पर गोंडा पहुंचे उड़ीसा के राज्यपाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
