फरार भाजपा नेता दोनों डिप्टी सीएम के संपर्क में… कानपुर में ये भी बोले अखिलेश यादव, किसान के परिजनों को दी सांत्वना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अखिलेश यादव ने किसान बाबू सिंह यादव के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

कानपुर में अखिलेश यादव ने किसान बाबू सिंह यादव के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फरार भाजपा नेता दोनों डिप्टी सीएम के संपर्क में है।

कानपुर, अमृत विचार। भाजपा नेता प्रियरंजन आशू दिवाकर द्वारा धोखाधड़ी कर जमीन हड़पे जाने से आहत होकर आत्महत्या करने वाले किसान बाबू सिंह यादव के चकेरी गांव स्थित घर पहुंचे सपा सुप्रीमो को उनकी बेटियों रूबी व काजल ने बताया कि मुख्य आरोपी आशू दिवाकर की न तो गिरफ्तारी हुई है और न कुर्की की कार्रवाई। 

मृतक किसान की पत्नी बिट्टन को अखिलेश ने आर्थिक मदद व बेटियों की पढ़ाई व शादी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया और घर से बाहर निकल कर कहा कि आरोपी भाजपा नेता दोनों डिप्टी सीएम के संपर्क में है।

मृतक किसान की जमीन छह करोड़ की नहीं, बल्कि 40 करोड़ की थी, जो भाजपा नेता ने धोखे से हड़प ली। प्रदेश सरकार की बुलडोजर नीति पर तंज कसते हुए बोले, कानपुर के अधिकारियों के पास बुलडोजर नहीं है क्या? क्या बुलडोजर की चाबी खो गई या पेट्रोल खत्म हो गया। आरोपी भाजपा नेता के लिए लखनऊ से फोन आते होंगे कि इस पर कार्रवाई मत करो। 

दंगे में पुलिस ने खूब वसूली की

अखिलेश ने कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां दंगे के नाम पर पुलिस ने मुकदमे में नाम बढ़ाने व हटाने के नाम पर खूब वसूली की है। पुलिस के लोग मिलकर गिरोह चला रहे हैं। 

जीरो टॉलरेंस सरकार ने छीनी कारोबारी की आंख 

नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव घायल दवा कारोबारी अमोलदीप के श्यामनगर स्थित आवास पर दोपहर तीन बजे पहुंचे। अमोलदीप ने बताया आंखों में पूरी तरह आराम नहीं है। इस पर अखिलेश ने बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया। अखिलेश ने कहा कि जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार ने दवा कारोबारी की आंखों की रोशनी छीन ली। आंख बचेगी कि नहीं रोशनी आएगी कि नहीं यह कोई नहीं बता सकता।

अमोलदीप के पिता कमलजीत सिंह ने कहा कि घटना के बाद से पूरा परिवार डरा सहमा है। आए दिन धमकी भरे फोन आते हैं। परिवार को सुरक्षा मिलनी चाहिए। इस पर अखिलेश ने एसीपी निशांक शर्मा ने परिवार को सुरक्षा व्यवस्था दिलाने को कहा और परिजनों से बोले, घटना सदन में उठाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। अमोलदीप को बेटे की पढ़ाई का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया।

अखिलेश ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर देवरिया में अन्याय हुआ है तो कानपुर के अन्याय को मत भूलिए। सिख समुदाय के एक दवा कारोबारी को भाजपा नेता ने इतना पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। भाजपा में इतना अहंकार है कि आज वो आदमी को आदमी नहीं समझ रही है। इसका प्रमाण ये घटना है। इसमें परिवार को न्याय नहीं मिला है। 

पीडीए की ताकत से जीतेंगे लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) के सहयोग से भाजपा को करारी शिकस्त देगी। यह दावा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को किया। वह पूर्व रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की पुण्य तिथि पर श्याम नगर में आयोजित स्मृति महोत्सव में आए थे।

होटल मनोज इंटरनेशनल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों द्वारा कांग्रेस और सपा गठबंधन पर सवाल के जवाब में कहा कि ये बात कांग्रेस को बतानी होगी कि गठबंधन देश या प्रदेश किस स्तर पर है। सपा जरूर प्रदेश में पूरी जिम्मेदारी से चुनाव लड़ेगी और भाजपा को सभी 80 सीटों पर हराने की रणनीति बनाएगी। 

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्मृति महोत्सव ने नेता जी के साथ बिताए पलों की यादें ताजा कर दी हैं। कुछ बाते ऐसी होती है जो किसी एक व्यक्ति के लिए ही होती है, ऐसा ही एक नारा है जो सिर्फ नेता जी के लिए है। ‘जिसने कभी न झुकना सीखा उसका नाम मुलायम है...।’ उन्होंने हमें लाल टोपी, साइकिल व झंडा विरासत में दिया है। हमारा दायित्व है कि इसे  आगे बढ़ाने का काम करें। 

जातीय जनगणना से दूरी बनाने वाले दल आज साथ

जातीय जनगणना मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो दल इस मुद्दे से दूरी बनाते थे, वो आज इस पर बात कर रहे हैं। जिन दलों ने 40-45 साल हमें अधिकारों से हमे दूर रखा वो आज हमारे साथ खड़े हो रहे हैं। लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। अगर हम किसी साथी के सुख-दुख में खड़े हो जाएं तो जातिवाद का आरोप लग जाता है और सत्ता में बैठे लोग जातिवाद करें तो कोई आरोप नहीं लगता। देवरिया कांड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां झूठी कहानी फैलाई गई।

संबंधित समाचार