हरदोई: बैंक से लिया 1.20 लाख रुपए का कर्ज नहीं चुका पाया किसान तो कर ली आत्महत्या, इस बात से था परेशान...
हरदोई। अपने हिस्से की ढाई बीघा जमीन को बंधक रखकर पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख 20 हजार का कर्ज लेने वाला किसान उसे चुका नहीं सका तो उसने गांव के किनारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इसका पता होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए सारे मामले की गहराई से छानबीन करनी शुरू कर दी है।
पूरा मामला मझिला थाने के कुसुम गांव का है। गांव निवासी 50 वर्षीय विद्या प्रकाश पुत्र रामप्रसाद खेती-बाड़ी करता था। वह अपने दो भाइयों में बड़ा था। शादी के कुछ दिनों बाद उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी। बताते हैं कि विद्या प्रकाश के हिस्से में ढाई बीघा जमीन आई थी। उसने साल 2015 में पंजाब नेशनल बैंक शाखा आलमनगर से अपनी जमीन को बंधक रखकर वहां से एक लाख 20 हज़ार का कर्ज लिया था।
बिगड़े हालात की वजह से वह कर्ज़ चुका नहीं सका। जिससे वह काफी परेशान रहने लगा था। उसने कुछ लोगों से अपनी परेशानी साझा भी की, लेकिन किसी ने उसे तसल्ली नहीं दी। जिसके चलते विद्या प्रकाश काफी टूट चुका था। मंगलवार को उसने गांव के बाहर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अपने कब्जे में लेते हुए सारे मामले की गहराई से छानबीन करनी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: हरदोई: संविलियन विद्यालय में आयोजित हुई ताईक्वांडो की कार्यशाला, छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
