'इंडिया' गठबंधन में जो जैसा व्यवहार करेगा उसे वैसे ही वापस मिलेगा: अखिलेश यादव

'इंडिया' गठबंधन में जो जैसा व्यवहार करेगा उसे वैसे ही वापस मिलेगा: अखिलेश यादव

सीतापुर। शाहजहांपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने I.N.D.I.A. में दरार बढ़ने पर चुप्पी तोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी से मिली हुयी है और अगर यह पता होता तो मैं कांग्रेस नेताओं का फोन न उठाता।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश स्तर पर कोई गठबंधन नही है तो हमने यह स्वीकार कर लिया इसलिए अपनी पार्टी के टिकट घोषित कर दिए है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन केवल केंद्र के लिए है तो उस पर विचार किया जाएगा।

सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर गुरुवार पहुंचे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सपा अध्यक्ष छत्रपाल यादव के पुत्र की पुण्यतिथि पर पहुंचे अखिलेश यादव ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश यादव ने पूर्व विधायकों और एमएलसी सहित नेताओं के साथ 2024 लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज़म खां को हुयी सजा पर बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी आजम के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देना ही आजम का सबसे बड़ा गुनाह हो गया। उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए यूनिवर्सिटी बनाई इसलिए बीजेपी भेदभाव कर रही है। आज़म खां समुदाय विशेष से ताल्लुक रखते हैं इसलिए पक्षपात हो रहा है।

इंडिया गठबंधन पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में जो जैसा व्यवहार करेगा वैसा ही उसे गठबंधन में देखने को मिलेगा। अखिलेश यादव के दौरे के दौरान अधिकांश कार्यकर्ता सपा जिलाध्यक्ष के घर के बाहर ही रह जाने से मायूस हो गए।  इस दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। करीब 30 मिनट तक रुकने के बाद अखिलेश यादव का काफिला सीतापुर से शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गया।

यह भी पढ़ें: रायबरेली: लोडर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी हुआ गंभीर रूप से घायल