संभल: 12 बीघा जमीन के लिए किसान की गला काटकर हत्या, पत्नी व बेटे सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसी का आया फोन आया तो बिना बताए घर से चला गया था ग्रामीण, धनारी थाना क्षेत्र में हाइवे के निकट घटना, ग्रामीणों ने दी सूचना

संभल/रजपुरा, अमृत विचार। धनारी थाना क्षेत्र में 12 बीघा कीमती जमीन के लिए किसान की गला काटकर हत्या कर दी गई। किसान का शव आगरा मुरादाबाद हाईवे के निकट पड़ा मिला। हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाये। मरने वाले की पत्नी व बेटे सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। कहा जा रहा है कि हाइवे किनारे की 12 बीघा कीमती जमीन के विवाद में हत्या की गई है।

थाना धनारी क्षेत्र के गांव भकरौली निवासी 36 वर्षीय राकेश बुधवार की शाम को घर पर था तभी राकेश के फोन पर किसी का फोन आया। इसके बाद  वह बिना किसी को कुछ बताए घर से बाहर चला गया। रात करीब 8 बजे खेतों पर आवारा पशुओं से फसल की रखवाली कर रहे ग्रामीणों ने  हाइवे के निकट राकेश का गर्दन कटा शव पड़ा देखा तो परिजनों को फोन कर सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए।

राकेश का शव उसके खेत के पास ही राजेंद्र के खेत में पड़ा था। परिजनों ने सूचना दी तो कोतवाल ओमकार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फारेंसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाये।  राकेश की मां चंद्रावती ने बेटे की हत्या के मामले में राकेश की पत्नी विमलेश, बेटे सतेंद्र व साले नरेंद्र सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पत्नी से चल रहा था विवाद
संभल। भकरोली निवासी राकेश चार भाई हैं जिनमें राकेश तीसरे नंबर का है। राकेश की शादी 18 वर्ष पहले बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव आलपुर निवासी विमलेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ साल बाद विमलेश का पति राकेश से विवाद हुआ तो वह अपने दो बच्चों को साथ लेकर पति का घर छोड़कर मायके चली गई थी और तब से मायके में ही रह रही थी। कहा जा रहा है कि पत्नी के जाने के बाद राकेश अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ रहता था। जिससे उसके 6 बच्चे हैं।
    
हाइवे किनारे कीमती बीघा जमीन का था विवाद
संभल। राकेश के परिजनों का कहना है कि राकेश के हिस्से में हाइवे के किनारे की 12 बीघा जमीन थी। इस जमीन की कीमत अब बहुत ज्यादा हो गई थी। राकेश की पत्नी विमलेश चाहती थी कि पिता की जमीन उसके बेटे सतेंद्र को मिले। राकेश इस बात के लिए तैयार नहीं था। इसी को लेकर विवाद होता था। माना जा रहा है कि इसी जमीन के विवाद में राकेश की हत्या कर दी गई।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: मां-बाप से बिछड़ी बिटिया को पुलिस ने मिलाया, परिजनों में खुशी की लहर

संबंधित समाचार