शाहजहांपुर: कांग्रेस धोखेबाज, पता होता तो नहीं करता गठबंधन- अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार की शाम को शाहजहांपुर पहुंचे। इस दौरान मीडिया ने इंडिया गठबंधन को लेकर सवाल किया तो वह कांग्रेस से बेहद खफा दिखे। सपा मुखिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस धोखेबाज है। कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, उनके साथ वैसा ही किया जाएगा।

सपा मुखिया शाम को यहां पहुंच और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। नेताओं के घर पहुंचकर उनका हाल जाना। शुक्रवार को वह दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए अखिलेश मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर नाराज दिखे।

कहा कि मध्य प्रदेश में रात-रात भर मीटिंग हुई। कांग्रेस ने भरोसा दिया कि छह सीटों पर विचार करेंगे। फिर सपा को एक भी सीट नहीं दी। कांग्रेस ने धोखा दिया, इसलिए हमने मध्य प्रदेश के चुनाव में अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।

इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा में है, तो इस पर विचार किया जाएगा। वह आजम खां के मामले में भाजपा पर भी हमलावर हुए। कहा कि हमें उम्मीद है कि मोहम्मद आजम खान साहब को न्याय मिलेगा, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनके खिलाफ साजिश कौन कर रहा है, बीजेपी, बीजेपी के सहयोगी लोग या बीजेपी के समर्थक।

राजनीति में इस सीमा तक लोग चले जाएंगे, कभी-कभी सोचने पर मजबूर होना पड़ता है कि उनके साथ अन्याय इसलिए हो रहा है, क्योंकि उन्होंने यूनिवर्सिटी बनाई ताकि लोगों का भविष्य बेहतर हो और वो मुस्लिम हैं।

अखिलेश अन्य मुद्दों पर भी भाजपा सरकार पर हमलावर रहे। कहा कि भाजपा की सरकार देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। धर्म परिवर्तन की बात करने वाले गरीबों के लिए अस्पताल बनाने और बिजली की बात नहीं करते। महिला बिल पर कहा कि केन्द्र ने ऐसा बिल पास कराया, जिसे लागू ही नहीं किया जा सकता।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: छूटे मोहल्लों में 186 करोड़ से होगी पेयजल सप्लाई, छह ओवर हेड टैंकों का कराया जाएगा निर्माण

संबंधित समाचार