शाहजहांपुर: सपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिवर में जातीय जनगणना और सोशल मीडिया पर हुई बात
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सपा के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ गुरुवार की सुबह प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने किया। पहले दिन प्रमुख नेताओं ने चुनाव जीतने का प्रमुख आधार बूथ पर मजबूत पकड़ बताया। वहीं स्थानीय संगठन में चल रही खींचतान के मद्देनजर एक दूसरे का मान-सम्मान रखने का पाठ भी पढ़ाया।
शहर में जीआईसी के सामने स्थित एक मैरिज लॉन में लोक जनजागरण अभियान के तहत सपा ने दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। वक्ताओं ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें बूथ मजबूत बनाने को प्रेरित किया।
वरिष्ठ सपा नेताओं ने जातीय जनगणना, सोशल मीडिया, वर्तमान सरकार में किसानों की स्थिति सहित कई विषयों पर विचार व्यक्त किए पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भारत के लोकतंत्र पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
देश में जिस तरह से कानून बन रहे है उससे मानवाधिकारों का घोर हनन हो रहा है। आदमी की आजादी दिन पर दिन खत्म होती जा रही है। हम लगातार तानाशाही के शिंकजे में फंसते जा रहे हैं। देश में भाजपा के हाथों न तो संविधान सुरक्षित है और न ही लोकतंत्र सुरक्षित है।
कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकारों में आम आदमी न तो अपराधों से सुरक्षित है और न ही गंभीर बीमारियों से सुरक्षित है। अपराधी भी बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे है और डेंगू जैसी बीमारी भी मौत का तांडव कर रही है।
आने वाले 2024 के लिए कार्यकर्ता अभी से समाजवादी अथवा इंडिया गठबंधन का जो भी प्रत्याशी हो उसे ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ की हड्डी होता है। इसलिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं पर बड़ी जिम्मेदारी है। संचालन व आभार जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कांग्रेस धोखेबाज, पता होता तो नहीं करता गठबंधन- अखिलेश यादव
