बरेली: 127 निवेशकों ने उद्योग लगाने से मुंह मोड़ा, अभी तक 133 इकाइयां ही शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इकाई न लगाने वाले इच्छुक निवेशकों की सूची तैयार करने में जुटे विभाग

बरेली, अमृत विचार। फरवरी में यूपी इन्वेस्टर समिट में जब 42 हजार 447 करोड़ से अधिक के 590 निवेशकों के प्रस्ताव आए तब अफसरों ने इसे बरेली जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए बेरोजगारी काफी हद तक दूर हाेने का दावा भी किया था।

शुरुआती महीनों में लगातार प्रशासनिक अफसरों ने निवेशकों के साथ बैठकें कीं। जिला उद्योग बंधु की बैठकों में भी जिले के अफसर निवेशकों को प्रोत्साहित करने के साथ इकाई लगाने के दौरान उत्पन्न दिक्कतों को दूर करने का भरोसा देते रहे।

इसी तरह एक-एक माह करके समय गुजरता गया और इन्वेस्टर समिट हुए भी सात महीने निकल गए। अब 9 अक्टूबर को हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक की मिनट्स रिपाेर्ट से खुलासा हुआ है कि बरेली के 127 निवेशकों ने उद्योग लगाने से मुंह मोड़ लिया है।

इन्वेस्टर समिट में एमओयू हस्ताक्षर करने के बाद उद्योग लगाने के संबंध में कोई रिस्पांस नहीं किया है। इतनी बड़ी संख्या में निवेशकों के उद्योग नहीं लगाने की बात सामने आने के बाद जहां प्रशासनिक अफसरों को झटका लगा है, वहीं बरेली में करोड़ों रुपये का निवेश कम होने की स्थिति में पहुंच गया।

9 अक्टूबर को विकास भवन में डीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में जब इन्वेस्टर निवेशकों पर चर्चा हुई, तब सामने आया कि 127 निवेशक ऐसे हैं जो इकाई लगाने के इच्छुक नहीं हैं। कोई रिस्पांस नहीं दे रहे हैं।

इस पर डीएम रविंद्र कुमार ने निवेशकों से जुड़े सभी विभागाें के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त एमओयू प्राप्त विभाग निवेशकों से संपर्क कर लें। यदि निवेशक वर्तमान में उद्योग लगाने के लिए इच्छुक नहीं हैं तो उसकी सूची तैयार करें और निवेशकों से लिखित में इकाई नहीं लगाने के संबंध में आख्या लेकर उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराएं। जिससे सूची तैयार कर शासन को अवगत कराया जा सके। अब विभागों के अधिकारियों ने रिस्पांस नहीं देने वाले निवेशकों से संपर्क करना शुरू कर दिया है।

अभी तक 133 इकाइयां ही शुरू
9 अक्टूबर को हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक के मिनट्स की 11 अक्टूबर को जारी हुई रिपोर्ट में बताया है कि जिला उद्योग समिति के समक्ष उपायुक्त उद्योग अर्चना पालीवाल ने निवेशकों की रिपोर्ट रखी। जिसमें उन्हाेंने बताया कि 133 इकाईयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है। करीब 814 करोड़ का निवेश किया है। इसके साथ ही 863 करोड़ का निवेश करने वाली 141 इकाइयां निर्माण शुरू करने वाली हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: साहिबाबाद और कौशांबी में नो एंट्री, दूसरे रूट से जाएंगी रोडवेज बसें

संबंधित समाचार