बरेली: पुलिस बेखबर...शोहदों पर नहीं मिशन शक्ति का असर, छात्राओं पर कसते हैं फब्तियां
फोटो- जीजीआईसी पास आवारा लड़को पर चला पुलिस का डंडा।
बरेली, अमृत विचार। मिशन शक्ति फेज-4 अभियान चल रहा है। स्कूल-कॉलेजाें में महिला कल्याण विभाग के साथ कई संगठन छात्राओं को सुरक्षा के मुद्दे पर जागरूक कर रहे हैं, मगर शहर में इस अभियान का शोहदों पर असर नहीं दिख रहा है। बाइक से शोहदे कॉलेज के बाहर छात्राओं पर फब्तियां कस रहे हैं। शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के बाहर कुछ लड़कों ने ऐसी हरकत की तो पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने कुछ युवकों को डंडे से समझाया। कई युवक डंडा चलने पर भाग निकले। काफी देर तक पुलिस वहां तैनात रही।
सुबह राजकीय कन्या विद्यालय के बाहर और आसपास शोहदों के झुंड लग जाते हैं। छुट्टी के समय भी उनका जमघट रहता है। शुक्रवार को शोहदों ने छात्राओं पर फब्तियां कसीं। सूचना पर पुलिस ने शोहदों को खदेड़ा। स्कूल परिसर में दो गेट हैं, जहां एक पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जबकि दूसरा गेट बंद रहता है।
छात्राओं ने बताया कि इस समय कुछ कॉलेजों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिससे छात्रों की छुट्टी जल्दी हो जाती है। इनमें से कई लड़के छुट्टी के समय हमारे स्कूल के आसपास आ जाते हैं और कुछ लड़के बाहर के भी होते हैं, जो आते-जाते झुंड में कमेंट करते हैं, तो कभी बिना कैमरे वाले गेट से झांकते हैं। यहां पुलिस बोर्ड परीक्षा के दौरान दिखती है, मगर आम दिनों में महीने में एक-दो बार ही नजर आती है।
डायल 112 की ड्यूटी यहां रोज की है, लेकिन वह अक्सर यहां होती नहीं है। दो दिन पहले महिला कांस्टेबल मिशन शक्ति से संबंधित बातचीत के लिए आई थीं। आज के घटनाक्रम की जानकारी नहीं है मुझे। लेकिन अगस्त से विद्यालय परिसर के बाहर ऑटो और ई-रिक्शा वालों की भीड़ छुट्टी के समय काफी बढ़ जाती है, जो नहीं होना चाहिए---दीप्ति वार्षणेय, प्रधानाचार्य, जीजीआईसी।
यहां पुलिस हमेशा नहीं रहती, लड़के हर रोज झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं। दूसरे गेट पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं---मोहिनी, छात्रा।
आमदिनों में विद्यालय के पास पुलिस नहीं रहती है। स्कूल का अपना गार्ड भी नहीं है। कुछ लड़के यहां खड़े हो जाते हैं---नंदनी, छात्रा।
क्या कहते हैं दुकानदार
कुछ दिनों से लड़कों का छुट्टी के समय आना-जाना बढ़ गया है। इस तरफ कभी-कभी पुलिस दिखती है, मगर रोज नहीं---दुकानदार, जीजीआईसी।
सीबीगंज कांड के बाद पुलिस काफी सख्त हो गई है। हां सुबह घटना हुई थी, मगर यहां अधिकतर स्कूल के छात्र आते जाते हैं---दुकानदार,जीजीआईसी।
यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रक ड्राइवर ने बेटी से किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज... आरोपी फरार
