World Cup 2023 : क्लासेन-हेंड्रिक्स के तूफान में इंग्लैंड गेंदबाज पस्त, जीत के लिए मिला 400 रन का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का मैच नंबर-20 साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 399 रन बनाये। यह विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का सर्वोच्च स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका के लिए हेनरिच क्लासेन ने 67 गेंद में 109 रन की पारी खेली, जबकि रीजा हेंड्रिक्स ने 85, रासी वैन डेर डुसेन ने 60, एडेन मार्करम ने 42 और मार्को जानसेन ने नाबाद 75 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए रीसे टॉपली ने तीन विकेट लिए।

क्लासेन को उमस भरी गर्मी में  अपनी पारी के दौरान नियमित रूप से तरल पदार्थ के सेवन करते देखा गया।  वह ऐंठन की समस्या के बीच मैदान पर डटे रहे। वही दूसरी ओर इंग्लैंड के कुछ गेंदबाजों को मैदान से बाहर जाना पड़ा। क्लासेन ने मार्क वुड (सात ओवर में 76 रन) के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर पारी के 47वें ओवर में 61 गेंद में इस साल का अपना तीसरा शतक पूरा किया। क्लासेन और यानसेन ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 77 गेंदों पर 151 रन जोड़े, जो अब वनडे के साथ-साथ विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के लिए एक रिकॉर्ड है। 

नियमित कप्तान तेम्बा बावुमा के बीमार पड़ने और क्विंटन डिकॉक (चार) के जल्दी आउट होने के कारण, दक्षिण अफ्रीका को दमदार बल्लेबाजी की जरूरत थी और उनके बल्लेबाजों ने यह सुनिश्चित किया। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवरों में 143 रन बटोरे जिसमें से 46वें से 50वें ओवर में 84 रन बने। पारी की शुरुआत में रीस टॉपली (88 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर के कैच को मैदानी अंपायर ने नकार दिया लेकिन रिव्यू के बाद डिकाक को पवेलियन की राह नापनी पड़ी। डुसेन ने इसके बाद संभल कर बल्लेबाजी की जबकि हेंड्रिक्स ने कुछ करारे प्रहार किये। 

दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में 59 रन जुटाये जिसमें वुड का स्वागत बल्लेबाजों ने चौकों से किया। टॉपली जब मैदान में वापस आये तब तक कामचालउ गेंदबाज जो रूट 6.1 ओवर में बिना किसी सफलता के 48 रन लुटा चके थे। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों के खिलाफ रूट कोई खतरा पैदा नहीं कर सके। हेंड्रिक्स ने कवर के ऊपर से उनके खिलाफ दो शानदार छक्के जड़े। आदिल रशीद (61 रन पर दो  विकेट) ने बीच के ओवर में इन दोनों बल्लेबाजों को आउट किया जबकि टॉपली ने कप्तान एडीन मार्कराम (42) और अनुभवी डेविड मिलर (पांच) के विकेट के साथ मैच में इंग्लैंड की वापसी करायी। टीम इन विकेटों का जश्न ज्यादा देर तक नहीं मना सकीं क्योंकि क्लासेन और यानसेन ने मन मुताबिक चौके और छक्कों की बौछार कर दी। 

दक्षिण अफ्रीका : क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, रासी वैन डेर डुसेन, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को जानसन, गेराल्ड कोएत्ज़ी, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी 

इंग्लैंड : जॉनी बेयरस्टो, डेविड मालन, जो रूट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रुक, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड विली, आदिल राशिद, गस एटकिंसन, मार्क वुड, रीस टॉपले

ये भी पढे़ं : Asian Para Games 2023 : हांगझोऊ पैरा एशियाई खेलों में भारत की नजरें पदकों के एक और रिकॉर्ड पर 

 

संबंधित समाचार