हरिद्वार: पति ने पत्नी को पीटा और छीन ले गया बच्ची
हरिद्वार, अमृत विचार। ज्वालापुर क्षेत्र की एक महिला ने पति पर मारपीट कर बच्ची छीन ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रियंका राणा निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर ने बताया कि पति दीपक सैनी पहले भी बेटी और उस पर जानलेवा हमला कर चुका है। तीन वर्षीय बेटी का अपहरण कर चुका है। इसे लेकर हाईकोर्ट नैनीताल से सुरक्षार्थ कस्टडी के आदेश बीते छह सितंबर को आदेश जारी हुए थे। लेकिन, उसके बावजूद पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
प्रियंका ने आरोप लगाए कि शुक्रवार की शाम दीपक सैनी सात-आठ लोगों के साथ उसकी दुकान में घुस आया। उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसकी बेटी उससे छीन ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। दीपक ने जाते हुए हत्या कर देने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
