बरेली: अब व्हाट्सएप ग्रुप पर मिलेगी लाइन में फाल्ट की जानकारी
बरेली, अमृत विचार। अगर लाइन या उपकेंद्र पर कोई फाल्ट होगा तो इसकी तुरंत जानकारी उपभोक्ताओं को दी जाएगी। इसके लिए विभाग शहर के 132 फीडर के ढाई लाख उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ेगा। ग्रुप बनने के बाद अगर फाल्ट की जानकारी एसएसओ द्वारा ग्रुप में नहीं दी गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कई बार बिजली गुल होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी फोन बंद कर लेते हैं। इससे बिजली कब आएगी इसकी जानकारी नहीं मिल पाती है। यह भी पता नहीं चल पाता है कि कहां फाल्ट हुआ है।
अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने सभी जेई और एसएसओ को निर्देश दिए है कि वह अपने उपकेंद्र के फीडर के हिसाब से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उपभोक्ताओं को उसमें जोड़ें। हालांकि कुछ उपकेंद्र के वाट्सएप ग्रुप हैं, मगर इनमें उपभोक्ताओं की सीमित संख्या हैं। वहीं, विभाग की तरफ से पिछले कई माह से केवाईसी अभियान के तहत उपभोक्ताओं को मोबाइल नंबर के साथ ईमेल आईडी भी ली जा रही है।
ये भी पढे़ं- बरेली : यहां बरसती है मां काली की कृपा, मंदिर का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना
