प्रतापगढ़: सामूहिक विवाह के शुरू हुए आवेदन, अगले माह गरीब बेटियों के हाथ होंगे पीले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर युवक व युवतियों को अनुदान दिया जाता है। योजना के तहत अब विधवा की पुत्री के साथ ही यदि विधवा दूसरा विवाह करना चाहती है तो उसे भी सामूहिक शादी अनुदान की राशि दी जाती है। इसमें अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, अल्पसंख्यक वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर को अनुदान दिया जाता है।

समाज कल्याण विभाग द्वारा हर साल गरीब युवक, युवतियों के अलावा विधवा की शादी कराई जाती है। इसमें निकायों के अलावा नगर पंचायतों से विवाह के लिए फार्म भराया जाता है। इसके बाद एक निश्चित तिथि पर ब्लाक कार्यालयों में शादी होती है। इसमें 35 हजार रुपये कन्या यानी दुल्हन के खाते में शादी के बाद भेजे जाते हैं। 10 हजार रुपये का सामान दुल्हन को उपहार स्वरूप दिया जाता है। 6 हजार रुपये प्रशासन आयोजन पर खर्च करता है।

आगामी नवंबर माह में सामूहिक विवाह होंगे। शासन शुभ मुहूर्त की तिथियां तय करने की तैयारी में है। इस बारे में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि नवंबर माह में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह होना है। विभाग की वेबसाइट पर आवेदन हो रहा है। तिथि निश्चित कर विवाह कराया जाएगा।

सर्वर फेल, आवेदन पर संकट

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की वेबसाइट पर आवेदन किए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से सर्वर काम नहीं कर रहा है। इससे वेबसाइट खुल नहीं रही है। आवेदन न होने से आवेदकों को तमाम परेशानी हो रही है। इसके लिए आवेदक समाज कल्याण विभाग व ब्लाक कार्यालयों का भी चक्कर लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: पान मसाला फैक्ट्री में जीएसटी विभाग की छापेमारी जारी, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार