रामपुर: हरदोई जेल में अब्दुल्ला से मिले मौसा और मौसी, बोले- बुरा वक्त है...यह भी कट जाएगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जेल के अंदर करीब 45 मिनट हुई मुलाकात, मौसी बोलीं- अबदुल्ला सही सलामत, बस खांसी-जुकाम

रामपुर, अमृत विचार। पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के मौसा-मौसी सोमवार को उनसे मिलने हरदोई जेल पहुंचे। मुलाकात का सिलसिला तकरीबन 45 मिनट तक चला। मुलाकात के बाद बाहर निकली अब्दुल्लाह आजम की मौसी ने बताया, अब्दुल्लाह को हल्की खांसी है। उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला ने कहा है कि बुरा वक्त है और यह भी कट जाएगा।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम हरदोई जिला जेल में बंद हैं। सोमवार को उनसे मुलाकात करने उनकी मौसी तनवीर फातिमा और उनके पति जिया उल रहमान हरदोई जेल पहुंचे। बिलग्राम में आजम खान की ससुराल और अब्दुल्ला आजम का ननिहाल है।

वहीं, हरदोई शहर के मोमीनाबाद मोहल्ले में अब्दुल्ला आजम की मौसी का भी घर है। मुलाकात के बाद बाहर निकली खाला तनवीर फातिमा ने कहा कि अब्दुल्लाह को हल्की खांसी है। उन्होंने बताया कि अब्दुल्लाह ने मुलाकात के दौर कहा कि बुरा वक्त है और यह भी कट जाएगा। जेल में अब्दुला सही सलामत है, बस हल्का जुकाम और खांसी है। उन्होंने बताया कि वह कंबल देकर आईं हैं। बाकी कुछ भी खिलाया नहीं है।

जेल से बैरंग लौटे सपाई, हुई नोकझोंक
हरदोई। अब्दुल्ला आजम का हाल जानने पहुंचे सपा के प्रतिनिधि मण्डल को जेल से बैरंग लौटना पड़ा। जेल अधीक्षक ने हवाले पर हवाले देते हुए मिलाई कराने से साफ इंकार कर दिया। सोमवार को सपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर एक प्रतिनिधि मण्डल जिसमें पार्टी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वीरे, पूर्व मंत्री व विधायक अनिल वर्मा, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा,

अनिल सिंह वीरू, रियासत खां, अभय प्रताप सिंह, रत्नेश यादव, प्रशांत मिश्रा, मोतीलाल यादव और अनीस मंसूरी हरदोई जेल में बंद अब्दुल्ला आजम का हाल जानने पहुंचे। प्रतिनिधि मण्डल ने जेल अधीक्षक को पूर्व विधायक से मिलाई करने के लिए जो चिट्ठी सौंपी, उसमें उनके बीमार रहने का जिक्र किया। लेकिन जेल अधीक्षक ने तमाम हवाले देते हुए मिलाई कराने से साफ इंकार कर दिया। इस पर जिलाध्यक्ष की उनके साथ तीखी नोकझोंक हुई।

पूर्व मंत्री आजम खां और पूर्व विधायक अब्दुल्ला से मिलने के लिए रामपुर से कोई सपाई सीतापुर या हरदोई नहीं गया है। चलते वक्त आजम खां द्वारा यह कहे जाने पर कि उनका एंकाउंटर भी हो सकता है इसके बाद ईश्वर और अल्लाह के नाम पर उन्हें सीतापुर और अब्दुल्ला को हरदोई रवाना कर दिया गया था--- वीरेंद्र गोयल, निर्वतमान अध्यक्ष सपा।

यह भी पढ़ें- रामपुर : तालाब में डूबने से किशोर की मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार