संभल: निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबकर बच्ची की मौत, दो भाई घायल
दीवार के पास बैठकर पकौड़ी खा रहे थे तीनों भाई-बहन, तभी हुआ हादसा
संभल/कैला देवी, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। इसके मलबे में दबकर सात वर्षीया बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई घायल हो गए। इसके अलावा भैंस चोटिल हुई है। घायल दो भाइयों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव कमालपुर निवासी कालीचरन की बेटी प्रियंका (7) निजी स्कूल में एलकेजी में पढ़ती थी।
यह भी पढ़ें- संभल : बाइकों की भिड़ंत में दो सगे भाइयों समेत चार घायल
सोमवार देर शाम प्रियंका, भाई भवनेश व रजनीश के साथ चाचा भूकन के निर्माणाधीन मकान की दीवार के पास बैठकर पकौड़ी खा रही थी। कुछ ही दूरी पर बच्चों की मां श्रीवती घरेलू काम कर रही थी। इस बीच दीवार भरभरा कर गिर गई। इसके मलबे में प्रियंका, रजनीश, भवनेश और एक भैंस दब गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर श्रीवती ने शोर मचाया।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दीवार के मलबे को हटाकर तीनों घायल बच्चों और भैंस को बाहर निकाला। इसके बाद परिजन तीनों बच्चों को उपचार के लिए गवां स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने देखते ही प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
रजनीश और भवनेश को प्राथमिक उपचार देकर गंभीर हालत में रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल दोनों भाइयों को संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में घायल हुई भैंस का उपचार कराया गया।
यह भी पढ़ें- संभल : 10वीं के छात्र ने सीने में तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या
