गरमपानी: दोपांखी क्षेत्र में कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक घायल
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में कार असंतुलित होकर पैराफिट से जा टकराई। खैरना पुलिस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चला कार के अंदर फंसे चालक को बामुश्किल बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया।
हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही है। खत्याड़ी अल्मोड़ा निवासी सुरेश कार यूके01टीए1670 से हल्द्वानी से अल्मोड़ा को रवाना हुआ। सुरेश हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में पहुंचा ही था की एकाएक वह वाहन पर सन्तुलन को बैठा नतीजतन कार असंतुलित होकर पैराफिट से जा टकराई।
आसपास के लोगों ने दुर्घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे चालक को बामुश्किल बाहर निकाल निजी वाहन से सीएचसी गरमपानी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। दुर्घटना से हाइवे पर यातायात भी प्रभावित हो गया। पुलिस ने यातायात सुचारु करवाया।
