अमेठी: नाबालिग लड़की की रहस्यमय परिस्थितियों में जलकर मौत, आठ के खिलाफ मामला दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी। जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 16 वर्षीय एक लड़की की उसके घर में रहस्यमय परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के पिता ने इस घटना के लिए आठ लोगों को आरोपित किया है, जिनसे उनकी पुरानी दुश्मनी है। 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। उक्त शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी घर पर अकेली थी तभी आरोपी घर में घुस आये और उसे जलाकर मार डाला। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) इलामारन जी. ने बताया, ‘‘शिकायत के आधार पर हमने आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या (भादंस 302) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।’’ उन्होंने बताया,‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मामले के एक आरोपी की मृतक के पिता के साथ कुछ पुरानी दुश्मनी थी। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के दर्ज बयानों के आधार पर, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि नाबालिग ने आत्महत्या की है।’’ 

उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के समय आरोपी कहां थे, इसका भी पता लगाया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें: उन्नाव में अज्ञात वाहन ने चचेरे भाइयों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

संबंधित समाचार