कांग्रेस के सियासी दांव पर आजम ने फेरा पानी
सीतापुर जेल में आजम खां से मिलने पहुंचे थे कांग्रेसी, सरकार विरोध लगाए नारे
फोटो- जेल अधीक्षक सुरेश सिंह से वार्ता करते प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।
बरेली/सीतापुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री आजम खां से मुलाकात करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को मुलाकात के बगैर ही बैरंग वापस लौटना पड़ा। कांग्रेस नेताओं के साथ जिला कारागार पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुलाकात न होने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार पर आजम को परेशान करने का आरोप लगाया है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आजम से मुलाकात के दौरान सेब की पेटी लेकर पहुंचे थे। मुलाकात न होने के चलते सेब की पेटी को जेल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है। मुलाकात न होने पर जेल परिसर के बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा काटा।
मीडिया से बातचीत के दौरान अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजम के इस दुःख की घड़ी के दौरान कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के दबाव में जिला प्रशासन ने जेल में आजम खां से मुलाकात नहीं करने दी है।
बताते चलें कि समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री व सजायाफ्ता कैदी आजम खां बीते रविवार को रामपुर जेल से सुरक्षा कारणों के चलते सीतापुर जेल में शिफ्ट किए गए हैं। बुधवार को बेटे अदीब सहित सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव व पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने जेल मैनुअल में आजम खां से जेल में मुलाकात की थी।
गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी दोपहर करीब 1.45 बजे कई गाड़ियों के काफिले के साथ जेल पहुंचे। यहां पहले से मुस्तैद जेल प्रशासन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मुलाकात से रोक दिया। जेल से बाहर आकर जेलर अरविंद श्रीवास्तव ने जेल मैनुअल और आजम खां किसी से मिलना नहीं चाहते की बात का हवाला देकर मुलाकात से रोक दिया।
जेल में मुलाकात न होने के बाद नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर निशान साधते हुए कहा कि आजम खां को बीजेपी की सरकार ने परेशान कर रखा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सरकार के दबाव में झूठ बोल रहा है और आजम से मिलने नहीं देना चाहता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अखिलेश यादव और कांग्रेस के बीच हुई बयानबाजी के सवाल पर चुप्पी साध ली और बयान पलटते हुए बोले कि आजम के साथ इस दुःख के साथ कांग्रेस पार्टी लगातार खड़ी है। आजम खां परेशान हैं क्योंकि उनके बेटे और पत्नी को अलग-अलग जेल में रखा गया है।
आजम से मुलाकात बहाना, सरकार पर निशाना !
जेल में बंद आजम खां से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुलाकात को महज एक बहाना माना जा रहा है। ऐसी चर्चाएं सपा नेताओं के गलियारों में आम हो चुकी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की जेल में मुलाकात न होने के बाद सरकार पर निशाना साधना सियासत मानी जा रही है।
कांग्रेस के नेताओं ने जेल मैनुअल न फॉलो करके जिला प्रशासन ने अनुमति मांगी थी, लेकिन बगैर अनुमति जेल पहुंचना और फिर बैरंग ही वापस लौटना, यह सब राजनीतिक लिहाज से देखा जा रहा है। अजय राय ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार सबको परेशान कर रही है और आजम की दुःख की घड़ी में वह उनके साथ हैं।
इंडिया गठबंधन और अखिलेश के बयान पर चुप्पी
जेल में आजम खां से मुलाकात बगैर ही वापस लौटे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधने के बाद मीडिया के सवालों पर चुप्पी साध ली। मीडिया ने अखिलेश के कांग्रेस नेताओं पर दिए गए बयान और इंडिया गठबंधन में तल्खी की बात पर जवाब न देते हुए आजम खां के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी होने के बाद कहकर सवालों को अनसुना कर दिया। अजय राय ने कहा कि यह आजम के लिए दुःख की घड़ी है, क्योंकि बेटे और पत्नी को अलग-अलग जगह पर बंद करके रखा गया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर : रुपयों के विवाद में दंपति को पीटा, तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
